नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। खरगे ने कहा कि मोदी कांग्रेस पर ‘गारंटी’ के मुद्दे पर सवाल उठाने से पहले खुद को देखें। खरगे ने कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ 140 करोड़ भारतीयों के साथ मजाक है।खरगे ने पीएम मोदी पर झूठ बोलने और धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी का मतलब ही विश्वासघात और जुमला है।
‘बेरोजगारी दर 45 साल के उच्चतम स्तर पर क्यों है?’
उन्होंने सवाल किया, ‘प्रति वर्ष 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया गया था, लेकिन भारत में बेरोजगारी दर 45 साल के उच्चतम स्तर पर क्यों है? जहां भी मुट्ठी भर नौकरियों के लिए रिक्तियां होती हैं, वहां भगदड़ क्यों देखी जाती है? 7 साल में 70 पेपर लीक का ज़िम्मेदार कौन? सार्वजनिक उपक्रमों में हिस्सेदारी बेचकर किसने छीनी 5 लाख सरकारी नौकरियां?’ उन्होंने कहा कि घरेलू बचत 50 साल के निचले स्तर पर क्यों गिर गई है तथा पिछले साल ही आम थाली की कीमत 52 प्रतिशत क्यों बढ़ गई?
‘रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर है’
खरगे ने दावा किया, ‘रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर है, आईसीयू में है या मार्गदर्शक मंडल में? आपकी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 150 लाख करोड़ रूपये से अधिक उधार लिए हैं, यानी प्रत्येक भारतीय पर 1.5 लाख रुपये का कर्ज़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्रुटिपूर्ण जीएसटी के माध्यम से एमएसएमई को नष्ट कर दिया गया है।’ कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि देश में आर्थिक असमानता 100 साल के उच्चतम स्तर पर है।
खरगे ने पीएम मोदी से पूछे कई सवाल
खरगे ने कहा, ‘विकसित भारत का क्या हुआ? जो कुछ भी आप बनाने का दावा करते हैं, वह ताश के पत्तों की तरह ढह रहा है। महाराष्ट्र में शिवाजी की मूर्ति का उद्घाटन आपके द्वारा किया गया, दिल्ली हवाई अड्डे की छत, अयोध्या में राम मंदिर की छत ढह गई और अटल सेतु में दरारें आ गईं।’ उन्होंने कहा कि अनगिनत रेल दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जबकि ‘रील मंत्री’ प्रचार में व्यस्त हैं! खरगे ने कहा, ‘ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा का क्या हुआ? हमारे पास आपके लिए केवल दो शब्द हैं – मोदानी मेगा घोटाला और सेबी अध्यक्ष। जबरन वसूली करके असंवैधानिक चुनावी बॉन्ड के माध्यम से लूट करना भाजपा का सबसे बड़ा वित्तीय अपराध है।’ उन्होंने सवाल किया, “मैं देश नहीं झुकने दूंगा” का क्या हुआ?
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
