मुंबई | महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की। लोकसभा चुनाव से पहले तीनों नेताओं ने संभावित गठबंधन पर चर्चा की। यह बैठक बांद्रा के ताज लैंड्स एंड में हुई। बता दें कि इससे पहले एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने दिल्ली में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद यह संकेत मिला कि लोकसभा चुनाव से पहले राज ठाकरे भाजपा के साथ गठबंधन कर सकते हैं। इस बैठक पर एमएनएस के वरिष्ठ नेता बाला नंदगांवकर ने बताया, दोनों नेताओं के बीच बातचीत सकारात्मक रही और एक-दो दिन में इस बैठक का विवरण शेयर किया जाएगा। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राज ठाकरे के बीच बातचीत सकारात्मक रही। कुछ दिनों में सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा।
बता दें कि 2006 में राज ठाकरे शिवसेना से अलग हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का निर्माण किया। अगर गठबंधन में मुहर लग जाती है तो एमएनएस के मुंबई की एक सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर पांच चरणों में चुनाव होगा। मतदान 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई और 20 मई को होंगे। परिणाम चार जुलाई को जारी होंगे।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

