पनूर के बम विस्फोट के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार

कन्नूर | लोकसभा चुनाव से ठीक पहले केरल से बड़ा मामला सामने आया है। यहां कन्नूर जिले के पनूर में बम विस्फोट हुआ। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि इस ब्लास्ट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे। उधर माकपा ने उस दावे का खंडन किया है जिसमें कहा गया था कि ब्लास्ट में शामिल सभी लोग वाम दल के थे।
माकपा के राज्य महासचिव एमवी गोविंदन का कहना है कि इस बम धमाके में शामिल लोगों से पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। दरअसल इससे पहले कांग्रेस और भाजपा ने बम धमाके का दोष वाम दल पर मढ़ा था। कांग्रेस का आरोप है कि यह धमाका उस समय हुआ, जब मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता देसी बम बना रहे थे। अधर भाजपा ने भी वाम दल पर बम के जरिए दहशत फैलाने का आरोप लगाया है। एमवी गोविंदन का कहना है कि कांग्रेस और भाजपा द्वारा पार्टी पर गलत आरोप लगाया जा रहा है।

इससे पहले केरल की वटकारा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी शफी परम्बिल और आरएसपी प्रत्याशी केके रेमा ने विस्फोट की घटना के विरोध में शांति मार्च निकाला। दोनों ने आरोप लगाया है कि माकपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के निर्देश पर बम बनाया।
शुक्रवार को उत्तरी केरल के कन्नूर जिले के पनूर में बम ब्लास्ट हुआ। इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए थे। पुलिस के अनुसार कोझिकोड के एक निजी अस्पताल में काइवेलिक्कल के निवासी शेरिल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा घायलों में विनेश नाम के व्यक्ति की एक हथेली कट गई। मामले में कांग्रेस और भाजपा ने माकपा पर आरोप लगाया है कि पार्टी के कार्यकर्ता देसी बम बना रहे थे और इस दौरान यह धमाका हुआ।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।