सोने का सत्ते पर सत्ता, 77777 रुपये के पार हुई कीमत, एक हफ्ते में दिया जबर्दस्त रिटर्न, चांदी की भी बल्ले-बल्ले

नई दिल्ली: सोने की कीमत इस समय लगातार नई ऊंचाई छू रही है। इस हफ्ते सोमवार को छोड़ दें तो इसकी कीमत में रोजाना तेजी आई है। इस समय सोना नए रेकॉर्ड पर है। सोने की कीमत 77777 रुपये प्रति 10 ग्राम को पार कर चुकी है। MCX पर इस समय 24 कैरेट सोने की कीमत 77750 रुपये प्रति 10 ग्राम है। यह कीमत 77839 रुपये के आंकड़े को छूने के बाद कुछ नीचे आई है।

पिछले एक महीने में सोने की कीमत में काफी तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली है। बात अगर इस हफ्ते की करें तो इसने 2 फीसदी का रिटर्न दिया है। सोमवार 14 अक्टूबर को सोने की कीमत 76251 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। अब इसकी कीमत 77750 रुपये है। ऐसे में इस हफ्ते सोने की कीमत 1499 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी आई है। एक हफ्ते का यह रिटर्न करीब 2 फीसदी है।

एक महीने में 4 फीसदी से ज्यादा रिटर्न

सोने ने एक महीने में निवेशकों को जबर्दस्त रिटर्न दिया है। यह रिटर्न 4 फीसदी से ज्यादा रहा। एक महीने पहले MCX पर सोने की कीमत 74304 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। अभी 77750 रुपये है। ऐसे में एक महीने में सोने की कीमत 3446 रुपये प्रति 10 ग्राम चढ़ गई है। यानी सोने ने निवेशकों को एक महीने में करीब 4.64 फीसदी का रिटर्न दिया है।

रिटर्न में चांदी से पीछे छूटा सोना

चांदी भी इस समय अच्छा प्रदर्शन कर रही है। MCX पर अभी इसकी कीमत 95470 रुपये प्रति किलो ग्राम है। चांदी की भी यह अभी तक की उच्चतम कीमत है। इस हफ्ते रिटर्न के मामले में चांदी ने सोने को पीछे छोड़ दिया है। सोमवार 14 अक्टूबर को चांदी की कीमत 91239 रुपये प्रति किलो थी। अब 95470 रुपये है। ऐसे में इसने इस हफ्ते 4.63 फीसदी का मुनाफा दिया है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।