राज्यसभा का रण दिग्गी राजा ने भाजपा नेताओं पर लगाया खरीद फरोख्त का आरोप
बड़ी खबर केसरिया खबर @sms
02/मार्च/2020
शैलेन्द्र मिश्रा(शैली), आलोक हरदेनिया की रिपोर्ट
दिल्ली / भोपाल – मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश भाजपा नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा उनकी पार्टी के विधायकों को रिश्वत दे रही है। इस पर पलटवार करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झूठ बोलना उनकी पुरानी आदत है।
दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्र का नाम लेते हुए कहा कि भाजपा जब से मध्यप्रदेश में विपक्षी पार्टी बनी है, तब से 15 साल तक राज्य को लूटने वाले सभी लोग कांग्रेस विधायकों को खुलेआम 25-35 करोड़ रुपये की रिश्वत दे रहे हैं।
उनके इस आरोप पर पलटवार करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सनसनी पैदा करने के लिए झूठ बोलना दिग्विजय सिंह की पुरानी आदत है। हो सकता है कि वह मुख्यमंत्री को गुमराह करने और अपना महत्व दिखाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।

1 साल पहले भी हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप लगा चुके पूर्व मुख्यमंत्री
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जनवरी 2019 में भी भाजपा नेताओं पर कांग्रेस विधायकों को खरीदने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था- भाजपा नेताओं द्वारा विधायकों को 100 -100 करोड़ के ऑफर दिए गए हैं, मेरे पास उसके सबूत हैं। इस पर भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा था कि दिग्विजय आरोप लगाने से पहले सोचें कि 100 करोड़ की राशि होती कितनी है।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
