भोपाल: इन दिनों मध्य प्रदेश में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आ रही हैं। अरब सागर में मौजूद गहरा कम दबाव का क्षेत्र तट से दूर जाने के साथ कमजोर पड़ककर कम प्रेशर का क्षेत्र बन गया है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में उत्तरी तमिलनाडु एवं दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। जबकि उत्तरी अंडमान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात है। इसके अलावा राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात मौजूद है। इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में बादल छाये हुए हैं। इसी कारण कुछ स्थानों में हल्की बारिश हो रही है।
यहां मौसम में हो सकता है बदलाव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को नर्मदापुरम, जबलपुर और इंदौर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, भोपाल, रायसेन, सीहोर में बूंदाबांदी होने के आसार नजर आ रहे हैं।
कहां रहा कितना तापमान
रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान खजुराहो में 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं गुना में 36.3, ग्वालियर में 35.6, भोपाल में 32.02, उज्जैन में 33.8 और जबलपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।
यहां रहा सबसे कम तापमान
न्यूनतम तापमान की बात करें तो पचमढ़ी में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं अन्य शहरों के न्यूनतम तापमान की बात करें तो रीवा में 18, मंडला में 18.5, भोपाल में 22, ग्वालियर में 19.6 इंदौर में 22.4 और जबलपुर में 21.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
यहां बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग ने सोमवार को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदा पुरम, हरदा, खंडवा, अलीराजपुर, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मालवा, मंदसौर, अशोकनगर, मुरैना, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, पन्ना, मैहर, पांढुर्णा, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, झाबुआ, धार, छिंदवाड़ा और बालाघाट जिलों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। इन जिलों में कहीं वज्रपात और कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
