भोपाल। पुराने शहर के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में हमीदिया रोड स्थित गंगा रेजेंसी होटल में एक मंडी व्यापारी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। व्यापारी एक दिन पहले अपने घर से निकला और गायब हो गया था। स्वजन ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वह होटल में रुक गया था, जहां कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला।
पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें उसने अपनी मर्जी से खुदकुशी करने की बात लिखी है। पुलिस ने मर्ग कायमी के बाद मामले को विवेचना में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद व्यापारी का शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
हनुमानगंज थाना पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय गर्विश मंगल लालघाटी के ओमशिवनगर में परिवार के साथ रहता था। शुक्रवार को सुबह 11 बजे वह घर से करोंद मंडी जाने के लिए निकला था, लेकिन शाम तक वह वापस नहीं आया। स्वजन ने फोन लगाया तो उसका मोबाइल बंद आ रहा था।
खोजबीन के बाद भाई ने कोहेफिजा थाने में गुमशुदगी की शिकायत की थी। शनिवार को पुलिस युवक के मोबाइल नंबर की आखिरी लोकेशन के अनुसार होटल पहुंची। यहां युवक फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला। युवक के पास से एक सुसाइड नोट भी पुलिस ने बरामद किया है, जिसमें उसने लिखा है कि मेरी मौत का जिम्मेदार मैं खुद हूं, किसी समस्या में फंस गया हूं, इसीलिए जान दे रहा हूं। पुलिस व्यापारी की मौत की वजह तलाश रही है। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही है।
उधर, स्वजन का कहना है कि व्यापारी ने कभी कोई परेशानी का जिक्र नहीं किया। शुक्रवार सुबह घर से निकलते समय भी वह किसी टेंशन में नहीं था। वह भी समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर व्यापारी ने होटल में पहुंचकर फांसी क्यों लगाई।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
