रतलाम में सीएम यादव ने की सभा, साफा उतारने पर राहुल गांधी को घेरा

रतलाम। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश की रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट से सैलाना में भाजपा प्रत्याशी अनीता सिंह चौहान के पक्ष में जनसभा की | इस दौरान सीएम मोहन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि कंस और कांग्रेस में कोई फर्क नहीं है, उन्होंने कहा कि जैसे कंस की नियत बुरी थी, वैसे ही कांग्रेस की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने जो काम किए हैं, 70 साल में वह नहीं हो पाए।
वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राहुल गांधी के साफा उतारने की घटना पर भी कटाक्ष किया। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आदिवासियों के सम्मान स्वरूप दिए गए साफे को अपने सिर पर स्थान दिया। उन्होंने कहा ढीला मत बांधो, जोर से बांधों। यह हमारे भाई-बहनों का सम्मान है। वहीं राहुल गांधी को साफा बांधा गया तो उन्होंने आदिवासियों के सम्मान का स्वरूप यह साफा निकालकर फेंक दिया।
साथ ही बता दें कि आज रतलाम लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनीता सिंह चौहान के पक्ष में दो आम सभा करने आए डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस सांप नेवला का खेल दिखाकर मंजन बेच रही है। आम जनता को इतने साल तक बस यही सपना दिखाया गया है कि हम सामने बुलाकर खेल दिखाएंगे, और खेल दिखाकर जैसे मदारी अपना मंजन बेंच कर चला जाता है वैसे ही यह अपनी सत्ता हथियाकर कर जनता को बेवकूफ बनाते हैं। यह सब बात उन्होंने रतलाम ग्रामीण विधानसभा की ग्राम बांगरोद में कही। इसके पहले सीएम ने सैलाना विधानसभा के सरवन में भाजपा के पक्ष में एक आम सभा को भी संबोधित किया।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।