पिपरिया का भव्य दुर्गा उत्सव , पूरे प्रदेश में अपनी एक अलग पहचान रखता है। जगत जननी की भक्ति में लीन हुए भक्त
केसरिया खबर केसरिया नज़र@sms
07/10/19 पिपरिया होशंगाबाद से आलोक हरदेनिया की विशेष रिपोर्ट
पिपरिया मे नवरात्रि उत्सव का त्योहार बडे ही धूम- धाम के साथ मनाया जा रहा है। नगर में लगभग 60 स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की पंडालों में 9 दिवसीय स्थापना की गई है । चार स्थानों पर स्थायी देवी मंदिर हैं । इस महान देवी पर्व पर जैसे समूचा नगर भव्यता और अद्भुत ऊर्जा से भर गया है । ऐसा लगता है कि जैसे निजी आराधना से लेकर सामूहिक आयोजनों मे देवी आराधकों ने इस पर्व पर आपनी पूरी सामार्थ्य और शक्ति उंडेल दी हो ।
पौ फटने के पहले ही महिलायें खेड़ापति माता मठ में जल चढ़ाने निकल पड़ती हैं । सांझ ढलते ही पंडालों मे भव्य सजावट प्रारंभ हो जाती है । रात आठ बजे दर्शनार्थियों की भारी भीड़ सड़कों पर उमड़ रही है । पिपरिया का नवरात्रि उत्सव और दशहरा जिस ऊंचाई पर पहुंच चुका है वैसा जबलपुर और भोपाल के बीच के स्थानों पर देखने में नहीं आता । शाम से नगर में भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया जाता है, लेकिन आठ बजे के बाद भारी भीड़ के कारण दोपहिया वाहन भी रुक जाते हैं। प्राय: सभी पंडालों में हर दिन विभिन्न विषयों पर झांकियां सजाई जा रही हैं । गायत्री मंदिर में अनुष्ठान अलग चल रहा है ।
नगर के हृदय स्थल मंगलवारा चौक पर स्थायी दुर्गा मंदिर विशेष उल्लेखनीय है । सन् 1975 में आपातकाल के सदियों पूर्व वहां माताजी का चबूतरा था जिस पर एक त्रिशूल व एक खंभा गड़ा था व श्रद्धालु पूजा करते थे । आपातकाल में सड़क किनारे का अतिक्रमण हटाने के लिए तत्कालीन नगर पालिकाध्यकक्ष, पीडब्ल्यूडी के ई.ई. व एसडीओ ने दो मजदूरों से चबूतरा तुड़्वाया । इसके बाद अजीब घटनायें घटीं । एक वर्ष के भीतर की पालिकाध्यक्ष की कैंसर से मृत्यु हो गई, संबंधित अधिकारियों की भी मृत्यु हो गई तथा दोनो मजदूरों के हाथ पैर टूट गए । लोगों ने इसे उनपर माता का प्रकोप माना । उसके बाद लोगों का भक्तिभाव और बढ़ गया । सन् 1990 श्रद्धालुओं ने संगमरमर की दुर्गा प्रतिमा स्थापित की व मंदिर बनाया । आज वहां एक बहुत भव्य मंदिर है तथा रोज नियमित पूजा अर्चना होती । लोगों की गहरी आस्था है कि दुर्गाजी मनोकामना पूरी करती हैं । यहां अष्टमी श्रंगार की भव्यता और तेज देखते ही बनता है ।
समूचे नगर में सभी पंडालों में एक दिन कन्या भोजन आयोजित होता है । एक दिन दीपमाला तथा रांगोली के जबरदस्त सजावट भी की जाती है । दीपकों की झिलमिलाती रोशनी की लंबी कतारें देखते ही बनती हैं । देश मे व्याप्त समस्याओं के प्रति यहां की दुर्गा समितियां सकारात्मक संदेश भी देती है। नगर के सभी दुर्गा पंडालों की सजावट पर समितियां बड़े ही समर्पण व उत्साह से भारी धन राशि खर्च करती है । हर पंडाल पर औसतन पांच से दस लाख रुपया खर्च होता है । लेकिन कुछ समितियों का खर्च इससे काफी आगे निकल जाता है । एक मोटे अनुमान से नगर लगभग सात आठ करोड़ रु खर्च करता है ।
केसरिया न्यूज़ के लिए विशेष संवाददाता खबर
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
