बड़ी खबर केसरिया खबर@sms 25/अक्टूबर/2019 भोपाल मप्र
जॉइंट एक्शन कमेटी ने परिवहन मंत्री, प्रमुख सचिव परिवहन एवं परिवहन आयुक्त को भोपाल में सौंपा ज्ञापन…
अवधेश पुरोहित (H N S)
भोपाल- मध्यप्रदेश में वर्षों से अवैध वसूली के लिये प्रदेश की अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थापित परिवहन चौकियों की अवैध वसूली के खिलाफ वैसे तो यदा-कदा आंदोलन चलते ही रहे हैं लेकिन अब इन वाहन चालकों से अवैध वसूली रोकने के लिए कुछ सामाजिक संगठनों ने मुहिम छेड़ रखी है इस मुहिम के चलते आगामी नवम्बर-दिसम्बर माह में कभी भी प्रदेश की राजधानी में एक व्यापक धरना-प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई इस संबंध में प्रदेश के परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, प्रमुख सचिव परिवहन और परिवहन आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया, उस ज्ञापन के माध्यम से यह मांग की गई कि मध्यप्रदेश में सभी परिवहन चैक पोस्टों पर खुलेआम अवैध रूप से वसूली के रूप में जो परिवहन पोस्टों पर अधिकारी व निजी गुण्डों के माध्यम से अवैध वसूली जारी है उस पर तत्काल रोक लगाई जाये।
यदि इस दिशा में ठीक से कदम नहीं उठाया गया तो इसके खिलाफ व्यापक आंदोलन करने की भी रूपरेखा तैयार की गई है जिसके तहत प्रदेश के सभी सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों को एक पत्र लिखकर उनसे इन परिवहन चौकियों पर हो रही अवैध वसूली के रूप में शासन को होने वाली राजस्व की हानि से अवगत कराया जाएगा इसके साथ ही जैसा कि प्रदेश की परिवहन चौकियों के प्रभारियों से इस तरह की अवैध वसूली रोकने की दिशा में सामाजिक संगठनों द्वारा जब भी धरना-प्रदर्शन किये गये तो वहाँ तैनात प्रभारी अधिकारियों का यह कहना था कि यह अवैध वसूली कोई हम अपने लिये नहीं कर रहे हैं बल्कि मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, परिवहन चौकियों से लगे सांसद और विधायकों के साथ-साथ कलेक्टर और एसपी ही नहीं बल्कि पत्रकार और मीडिया तक को इस कमाई का हिस्सा देना पड़ता है।
जैसा कि इन अधिकारियों ने देश के विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में काम करने वाले सामाजिक संगठन और कार्यकर्ताओं को बताया कि परिवहन चौकियों से वसूली जा रही इस कमाई से हमारे घर के ही नहीं बल्कि अनेक घरों के चूल्हे जलते हैं साथ ही उन्हें प्रतिमाह एक निर्धारित राशि पहुंचाई जा रही है इसमें इन अधिकारियों का यह भी कहना था कि परिवहन चौकी से जुड़े सांसद और विधायक को तीन-तीन लाख रुपये और कलेक्टर और एसपी से लेकर जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों को इस अवैध कमाई को प्रतिमाह पहुंचाया जाता है, इन अधिकारियों का यह कहना था कि यह सब बंद कर दिया जाये तो हमें क्या पड़ी कि हम अवैध वसूली करें इन सब परिस्थितियों से विभिन्न सामाजिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा गठित समिति के सदस्यों की एक बैठक भोपाल में सम्पन्न हुई जिसमें यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश की परिवहन चौकियों पर अवैध वसूली के कारण मध्यप्रदेश की छवि खराब हो रही है साथ ही उन सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ मीडिया को भी इस अवैध कमाई का बंदरबांट की परिवहन चौकियों पर तैनात प्रभारियों द्वारा लगाये गये आरोपों के संबंध में इन सभी से समिति द्वारा पत्र व्यवहार कर यह जानकारी ली जाएगी क्या यह सही है कि परिवहन चौकियों पर होने वाली अवैध वसूली की राशि का कुछ हिस्सा उनतक पहुंचाया जाता है।
समिति की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में इस तरह के जनप्रतिनिधियों से किये गये पत्र व्यवहार को इकट्ठा कर सार्वजनिक किया जाएगा कि मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, कलेक्टर, एसपी और मीडिया के साथ-साथ किन-किन जनप्रतिनिधियों को यह राशि पहुंचती है जैसा कि आरोप परिवहन चौकियों के प्रभारियों द्वारा लगाया जाता रहा है। मंत्री, प्रमुख सचिव और परिवहन आयुक्त को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से यह मांग की गई कि तत्काल ऐसे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का खुलासा करें कि जिनके पास इन परिवहन चौकियों की अवैध कमाई पहुंचाई जाती है यही नहीं इसके साथ ही इन परिवहन चौकियों पर चल रही अवैध कमाई पर तत्काल रोग लगाई जाये और परिवहन चौकी के प्रभारियों की सम्पत्ति की किसी निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराई जाये और यदि वह दोषी हैं तो उनके खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाये। इस तरह की कार्यवाही से जहां शासन की आय में वृद्धि होगी तो वहीं शासन के राजस्व की इस तरह से परिवहन चौकियों पर तैनात अधिकारियों और निजी गुण्डों द्वारा वसूली कर अपनी स्वार्थपूर्ति की जाती है उस पर भी पाबंदी लगेगी।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी की यह मंशा हे कि इस तरह की अवैध वसूली पर रोक लगाई जाये तो जहां वाहन चालकों को तो इस तरह से अवैध वसूली से मुक्ति तो मिलेगी तो वहीं सरकारी खजाने का भी राजस्व बढ़ेगा। इन सब मुद्दों को लेकर समिति के सदस्यों मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल ,प्रहलाद अग्रवाल, नरेन्द्र मिश्रा, जरनैल सिंह, नवीन कुमार अग्रवाल के द्वारा यह ज्ञापन सौंपकर यह मांग की गई कि इस अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाये नहीं तो आने वाले दिनों में ट्रक चालक मालिक परिवहन चौकियों पर आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएंगे और वहीं इस अवैध वसूली के खिलाफ प्रदेश की राजधानी भोपाल में आगामी दिनों में एक व्यवस्थित धरना-प्रदर्शन की भी रूपरेखा तैयार की गई जिसके माध्यम से प्रदेश की जनता को इस बात से अवगत कराया जायेगा कि परिवहन चौकियों पर अवैध वसूली के चलते शासन के राजस्व की क्षति तो होती है तो वहीं इस अवैध वसूली का भार आम जनता को महंगाई की मार झेलनी पड़ती है, क्यांकि यह राशि हर माल के भाड़े में भी जुटती है। इसके लिये समिति मध्यप्रदेश की परिवहन चौकियों के खिलाफ जनजागृति कर परिवहन चौकियों पर चल रही भ्रष्टाचार की पोल खोलेगी।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
