विदिशा में ठंड से मिलेगी राहत, दिन और रात का बढ़ेगा तापमान

विदिशा। जिले में आज से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। रात के समय पड़ रही ठंड से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है। अब बारिश होने की संभावना नहीं बन रही है।
जिले में पिछले एक पखवाड़े से मौसम में आ रहे बदलावों ने जहां किसानों की चिंता बढ़ा दी थी वहीं लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा था। इस अवधि में दो बार वर्षा ने फसलों की गुणवत्ता को प्रभावित कर दिया था। किसानों का कहना है कि अब अधिकांश किसानों की फसलें कटने की कगार पर है और जरा भी वर्षा होती है तो फसल की स्थिति बिगड़ जाएगी। लेकिन अच्छी बात है कि अब मौसम बिगड़ने की संभावना काफी कम है।
सीहोर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डा. एसएस तोमर के मुताबिक पिछले तीन दिनों से दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी थी। बीते 24 घंटों के दौरान एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। शुक्रवार को रात का तापमान 11 डिग्री और दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तोमर के मुताबिक अब तक पश्चिम से हवा चल रही थी इसलिए ठंडक बनी हुई थी। शनिवार से उत्तर-पूर्वी और फिर पूर्वी हवाओं का दौर चलेगा, जिसकी वजह से दिन और रात का तापमान बढ़ेगा।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।