भोपाल। लंबे समय के बाद कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की शेष तीन लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। पार्टी ने ग्वालियर से प्रवीण पाठक, खंडवा से नरेंद्र पटेल और मुरैना से सत्यपाल सिकरवार को प्रत्याशी बनाया है। वहीं इन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही प्रदेश की सभी 29 संसदीय सीटों पर प्रत्याशियों के लिहाज से स्थिति भी साफ हो चुकी है।
गौरतलब है कि कांग्रेस मध्य प्रदेश की 29 में से सिर्फ 28 लोकसभा सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। खजुराहो सीट कांग्रेस ने समझौते के तहत समाजवादी पार्टी को दी थी। यहां सपा ने मीरा यादव को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन जिला निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया है।
कांग्रेस ने रैना-श्योपुर सीट से सत्यपाल सिकरवार ‘नीटू‘ को उम्मीदवार बनाया है। वे सुमावली से भाजपा विधायक रहे हैं। 2020 में हुए विधानसभा उपचुनाव में भितरघात के आरोपों के चलते भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। सत्यपाल सिकरवार के बड़े भाई सतीश सिकरवार ग्वालियर से कांग्रेस विधायक और भाभी शोभा सिकरवार ग्वालियर महापौर हैं।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

