जो बाइडेन.. युवाओं ने चुना बुजुर्ग राष्ट्रपति!

जो बाइडेन.. युवाओं ने चुना बुजुर्ग राष्ट्रपति!

भोपाल
09/नवंबर/2020

कितना अजीब है कि अमेरिकी युवाओं ने अपने सपने एक 78 वर्षीय बूढ़े-बुजुर्गको सौंप दिए हैं। जी, हां जो बाइडेन को अमेरिका के युवाओं ने चुना है। सर्वेक्षण बताते हैं कि जो बाइडेन को 61 प्रतिशत वोट 18 से 29 साल के युवाओं के मिले हैं।
जबकि 65 साल से ऊपर उम्र वाले बुज़ुर्गों के 51 फीसदी वोट उनके प्रतिद्वंदी और वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को मिले।

क्या समझा जाए..?
एक तरफ़ देश का अनुभव है, जिसको आज भी डोनाल्ड ट्रम्प में ही देश का उज्जवल भविष्य दिख रहा है, तो दूसरी और रोज़गार की तलाश में भटकता युवा है, जिसको व्यवस्था बदलने में ही देश का भला महसूस हुआ।
इसके अलावा भी जिन 41 प्रतिशत लोगों ने कोरोना महामारी को देश और समाज के लिए चिंता माना, उनमे से 73 प्रतिशत ने बाइडन को बेहतर विकल्प मानकर उन्हें वोट दिया, जबकि इन्ही में से 25 प्रतिशत ने ट्रम्प को ही तारण हार मानकर उनको वोट दिए।

इन सबसे हटकर एक और सर्वे बहुत दिलचस्प है, जो विचारों के स्तर पर शहरी और ग्रामीण अमेरिकियों को विभाजित करता है, उसके अनुसार65 प्रतिशत शहरी लोगों ने बाइडन को तो क़रीब 65 प्रतिशत ही ग्रामीण मतदाताओं ने ट्रम्प को वोट दिए।
यह सब आंकड़े दरअसल अमेरिकी समाज के असमंजस को दर्शाते हैं। ग़ौर किया जाए तो समझ में आता है कि ट्रंप को अमेरिका में कोरोना का कहर ले डूबा।
कोरोना से 2.5 लाख अमेरिकियों की जान गई और अर्थ-व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। कोरोना से जहाँ आम अमेरिकी को जान का खतरा परेशान करता रहा, वहीं युवाओं को रोज़गार की फ़िक्र परेशान करती रही। दुर्भाग्य से ट्रम्प के पास इन दोनों बिमारियों का कोई इलाज नही था। उधर लगभग 50 साल का सक्रीय राजनीति का अनुभव रखने वाले बाइडन ने ट्रम्प की इस दुखती नस पर ही वार किया और बुजर्गों की अपेक्षा युवाओं का भरोसा जीत लिया।

यह बात अलग है कि बदकिस्मत अमेरिकी युवाओं के पास विकल्प के तौर पर एक 76 तो दूसरे 78 वर्षीय बूढ़े ही थे, फिर भी उन्होंने ज़्यादा उम्र पर ज़्यादा भरोसा किया।

ख़ैर , यह उनकी अपनी सोच और अपना चुनाव है।
मेरा चिंतन इस बात को लेकर है कि दुनिया ने ट्रम्प की हार की कामना क्यों की।सिर्फ इसलिए कि उनकी नीति “अमेरिका फर्स्ट” की रही, और उन्होंने इसी को लेकर अंतर्राष्ट्रीय रिश्ते पुनः परिभाषित किये। जबकि विश्व शान्ति के लिए उनके प्रयास विस्मृत कर दिए गए।
ट्रम्प की एक विशेषता यह रही की अमेरिका की बरसों पुरानी लड़ाइयों की संस्कृति को उन्होंने विराम देने का प्रयास किया। अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान से समझौता उनका ऐतिहासिक फैसला रहा, तो इज़राइल और यूएई के बीच राजनयिक सम्बन्ध बनवाकर “अब्राहमिक अकार्ड” बनवाना अकल्पनीय निर्णय रहा। अलबत्ता इसमें कई पेंच रहे, उन्हें भविष्य में सुलझाया जा सकता है। इसी तरह सीरिया और यमन में उनकी भूमिका विवादों में नहीं रही।

उत्तर कोरिया के। तानाशाह से बातचीत की पहल उन्हें दूरंदेश साबित करती है। चीन और भारत के मामलों में उन्होंने प्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं किया, लेकिन चीन पर कूटनीतिक दबाव बनाने भारत, आस्ट्रेलिया, जापान को लेकर क्वाड का नेतृत्व किया, अब यह हमारी कमी रही कि हम उसका उपयोग नहीं कर पाए ।
अब अमेरिका की घरेलू और वैश्विक नीतियां पुनः बदली जाएंगी। बाइडन के सामने कई चुनोतियां है।देश और दुनिया इस समय वैश्विक महामारी व आर्थिक बदहाली से दो-चार हो रही है, ,कुछ अंदेशे विश्व युद्ध की और इशारा कर रहे हैं, शायद इस बूढ़े राजनेता का अनुभव अमेरिका और विश्व को इन उदासियों से उबार पाए।
हमारी शुभकामनाएं……

क़स्रे जमहूर की तरहे नौ के लिए,
आज नक़्श ए कुहन सब मिटाए गए….!!

intekhab_lodi (स्वतंत्र पत्रकार)
kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।