BSNL 3rd Pay Revision की मांग तेज, सांसदों को ज्ञापन

BSNL कर्मचारियों के 3rd Pay Revision की मांग तेज, AUAB ने सांसदों को सौंपे ज्ञापन

1 जनवरी 2017 से लंबित तीसरे वेतन संशोधन को लागू करने की मांग, केंद्र सरकार से सकारात्मक पहल की अपील

भोपाल, 20 अक्टूबर 2026। भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित तीसरे वेतन संशोधन (3rd Pay Revision Committee) को लागू कराने की मांग को लेकर ऑल यूनियंस एंड एसोसिएशंस ऑफ BSNL (AUAB) का अभियान तेज हो गया है।

AUAB की ओर से देशभर में सांसदों को ज्ञापन सौंपकर BSNL कर्मचारियों की वेतन संशोधन संबंधी मांग को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने और इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय की मांग की जा रही है।

मध्य प्रदेश में सांसदों को सौंपे ज्ञापन

AUAB के मध्य प्रदेश परिमंडल की ओर से भोपाल में तीन जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर BSNL कर्मचारियों के तीसरे वेतन संशोधन को लागू करने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपे गए जनप्रतिनिधियों में:

  • शिवराज सिंह चौहान – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री एवं राज्यसभा सांसद
  • रजनीश अग्रवाल – राज्यसभा सांसद, मध्य प्रदेश
  • आलोक शर्मा – लोकसभा सांसद, भोपाल

शामिल हैं।

AUAB के अनुसार, तीनों जनप्रतिनिधियों की ओर से संगठन की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। संगठन का कहना है कि सांसदों ने BSNL कर्मचारियों की मांग को केंद्रीय संचार मंत्री एवं वित्त मंत्री के समक्ष रखने तथा इस महत्वपूर्ण विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का आश्वासन दिया है।

AUAB मध्य प्रदेश परिमंडल ने सांसदों के सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया है। संगठन के मुताबिक आगामी सप्ताह में मध्य प्रदेश परिमंडल की टीम द्वारा अन्य सांसदों को भी ज्ञापन सौंपने का अभियान जारी रखा जाएगा।

1 जनवरी 2017 से लंबित है 3rd Pay Revision

AUAB के मुताबिक BSNL कर्मचारियों का तीसरा वेतन संशोधन 1 जनवरी 2017 से देय है। हालांकि, Affordability Clause के कारण इसे अब तक लागू नहीं किया जा सका है।

संगठन का कहना है कि इस मांग को लेकर BSNL प्रबंधन से लेकर दूरसंचार विभाग (DoT) तक विभिन्न स्तरों पर मामला उठाया जाता रहा है। AUAB के अनुसार, आवश्यक निर्णय के लिए यह मामला लंबे समय से DoT मुख्यालय में लंबित है।

Affordability Clause में छूट की मांग

AUAB का कहना है कि BSNL देशभर में दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक सेवा संबंधी दायित्वों का भी निर्वहन करता है। ऐसे में संगठन ने सरकार से सकारात्मक पहल करते हुए Affordability Clause में आवश्यक छूट देने की मांग की है, जिससे तीसरे वेतन संशोधन को लागू करने का रास्ता साफ हो सके।

संगठन का मानना है कि 3rd Pay Revision लागू होने से BSNL कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और कंपनी की कार्यकुशलता, उत्पादकता एवं सेवा गुणवत्ता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

7 अक्टूबर से 7 नवंबर तक देशव्यापी अभियान

AUAB द्वारा 7 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक देशभर में सांसदों को ज्ञापन सौंपने का अभियान चलाया जा रहा है। संगठन का उद्देश्य BSNL कर्मचारियों की लंबित मांग को संसद सदस्यों के माध्यम से केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और इस पर जल्द सकारात्मक निर्णय की मांग करना है।

 

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।