प्रचार के दौरान नड्डा बोले – पीएम मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर को देश से जोड़ा गया

असम | लोकसभा चुनाव के दौरान बयानबाज़ी ज़ोरो पर है | इसी दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दावा किया कि पूर्वोत्तर राज्यों को पूरे देश के साथ जोड़ने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कांग्रेस पर पूर्वोत्तर राज्यों को देश से अलग और नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता ने कहा कि विपक्षी गुट को लोगों के कल्याण की चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गुट केवल खुद को विभिन्न घोटालों से बचाने की कोशिश में लगा है।
असम के कोकराझार में एनडीए उम्मीदवार जयंत बसुमतारी के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “कांग्रेस की नीति पूर्वोत्तर को देश से अलग और नजरअंदाज करने का है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हिमंत विस्वा सरमा की सरकार है, जिन्होंने पूर्वोत्तर को पूरे देश से जोड़ने का काम किया। दस साल पहले जब आप दिल्ली जाते थे, तब वहां लोग आपसे यह पूछते थे कि आप किस देश से हैं। अब यह पूरी तरह से खत्म हो चुका है।”
पीएम मोदी के नेतृत्व में बोडो उग्रवादी संगठन के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर को लेकर नड्डा ने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में इस क्षेत्र में विद्रोही हमलों और स्थानीय लोगों की मौत में कमी हुई है। पूर्वोत्तर के 70 फीसदी क्षेत्रों से सशस्त्र बल अधिनियम को हटा दिया गया है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।