राजनीतिक दल और उसके उद्देश्यों को समझकर ही….

यह सर्वविदित और स्थापित सत्य है की धर्म में शुचिता होती है, शक्ति होती है। उसे किसी भी धक्के या धमाके से कभी खंडित या कलंकित नहीं किया जा सकता….

अभिनव बरोलिया….
22/अगस्त/2021

भोपाल,मप्र….

आने वाली पीढ़ी भविष्य में किसी भी राजनीतिक पार्टी और उसके उद्देस्य को समझकर ही अपना निर्णय लें…

सत्ताकांक्षी व्यक्ति धर्म की इस शक्ति के साथ-साथ इस सत्य को भी जानता है की दुनिया के किसी भी समाज में सत्तालोलुपता का सत्कार नहीं तिरस्कार ही होता है इसलिए सत्ताकांक्षी लोग अपनी सत्तालोलुपता की पूर्ति के लिए धर्म की आड़ लेते हैं।

मनुष्यता में विश्वास करने वाले धर्मनिष्ठ लोगों को चाहिए की वे उनके इस छद्म को समझते हुए इनकी आँखों में झांककर दृढ़तापूर्वक कहें की-

ग़र जंग करने का शौक़ है तो आओ करें जंग।
जंग के मुद्दे बदल दें धर्म की आड़ ना लें।

तब हम पाएँगे कि इनमें इतना साहस ही नहीं है की वे धर्म की ढाल के बिना जंग का ऐलान कर सकें।

धर्मनिष्ठ समाज इस सत्य को जानता है की धर्म के नाम पर लड़ा गया युद्ध और धर्म के लिए धर्मपूर्वक किए गए प्रयासों में अंतर होता है, क्योंकि धर्म के लिए किए जाने वाले कार्यों का परिणाम संघर्ष और निर्मम संहार नहीं अपितु हर्ष और परिष्कार होता है।

धर्म के नाम पर सत्ता प्राप्ति के लिए संघर्ष करने वालों को यह याद रखना चाहिए की-

“ख़ुदगर्ज़ी को ख़ुदा की मर्ज़ी नहीं कहते।
और सिर्फ़ काटने वाले को दर्ज़ी नहीं कहते॥”

हमें स्मरण रखना होगा की सकारात्मक चेतनाओं का समवेत स्वर ही नकारात्मक चेष्टाओं को विफल करते हुए इस पृथ्वी को ब्रह्मांड का सबसे सुरम्य ग्रह बना सकता है, अन्यथा आने वाले समय में हमारे ही बच्चे हमसे पूछेंगे की आपने हमसे पहले इस धरती पर जन्म क्यों लिया था ? जब आप इस जगत के निर्माता नहीं हैं तब आप इसके विनाश का कारण कैसे बन सकते हैं ?

श्रद्धेय श्री गोपालदास जी नीरज ने बड़ी प्रेरणादायी बात कही है,जो चेताते हुए आशा और विश्वास से भरती है…

“वक़्त को जिसने नहीं समझा उसे मिटना पड़ा है।
बच गया तलवार से तो फूल से कटना पड़ा है।
क्यों ना कितनी ही बड़ी हो, क्यों ना कितनी ही कठिन हो।
हर नदी की राह से चट्टान को हटना पड़ा है।
है जगा इंसान तो मौसम बदलकर ही रहेगा।
जल गया है दीप तो अँधियारा ढलकर ही रहेगा।”

लेखक…अभिनव बरौलिया -प्रदेश उपाध्यक्ष
सोशल मीडिया विभाग,मध्यप्रदेश कांग्रेस…

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।