गौतम अडानी ने इन दो कंपनियों में कम कर दी हिस्सेदारी, कहीं आपके पास भी तो नहीं है शेयर?

नई दिल्ली: प्रमोटर्स कंपनी के फाउंडर या कंट्रोलिंग शेयरहोल्डर्स होते हैं। जिन कंपनियों में प्रमोटर्स की ज्यादा हिस्सेदारी होती है, उन्हें निवेश के लिए ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। लेकिन इस फाइनेंशियल ईयर की दूसरी तिमाही में कई प्रमोटर्स ने कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी कम की है। StockEdge के आंकड़ों के मुताबिक टाटा मोटर्स, इंडिगो, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अंबुजा सीमेंट्स, पतंजलि फूड्स, मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज, पंजाब नेशनल बैंक, आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल, संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में प्रमोटर्स ने दूसरी तिमाही में अपनी हिस्सेदारी में कटौती की है।

अडानी की हिस्सेदारी

StockEdge के मुताबिक भारत और एशिया के दूसरे बड़े रईस गौतम अडानी ने दो कंपनियों अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस और अंबुजा सीमेंट्स में अपनी हिस्सेदारी में कमी की है। अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में अब उन्होंने सितंबर तिमाही में 5% हिस्सेदारी कम की है। पहली तिमाही में उनकी हिस्सेदारी 74.94% थी जो अब 69.94% रह गई है। इसी तरह अंबुजा सीमेंट्स में प्रमोटर फैमिली की हिस्सेदारी में 2.8% कमी आई है। पहली तिमाही में प्रमोटर की हिस्सेदारी 70.33% थी जो दूसरी तिमाही में 67.57% रह गई।

इसी तरह दिग्गज ऑटो टाटा मोटर्स की प्रमोटर टाटा ग्रुप की हिस्सेदारी 2024 की सितंबर तिमाही में 3.8% घटी। प्रमोटरों की हिस्सेदारी पहली तिमाही में 46.36% थी जो दूसरी तिमाही में घटकर 42.58% रह गई। मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज ने दूसरी तिमाही में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी में 3.2% की कमी आई। पहली तिमाही में यह 6.52% थी जो दूसरी तिमाही में 3.34% रह गई। पंजाब नेशनल बैंक में प्रमोटर्स स्टेक में 3.1% की गिरावट आई। पहली तिमाही में यह 73.15% थी जो दूसरी तिमाही में 70.08% रह गई।

पतंजलि फूड्स का हाल

बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड्स में प्रमोटर शेयरहोल्डिंग में सितंबर तिमाही में 3% की कमी आई। प्रमोटर की शेयरहोल्डिंग पहली तिमाही में 72.81% थी जो दूसरी तिमाही में घटकर 69.76% रह गई। इसी तरह आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल में प्रमोटर शेयरहोल्डिंग में दूसरी तिमाही में 2.7% की गिरावट आई। पहली तिमाही में कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 51.97% थी जो दूसरी तिमाही में 49.25% रह गई।

संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल में प्रमोटर शेयरहोल्डिंग सितंबर तिमाही में 2.2% कम हुई। पहली तिमाही में यह 60.36% थी जो अब 58.13% रह गई। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की प्रमोटर शेयरहोल्डिंग में सितंबर तिमाही में 2% गिरावट आई। पहली तिमाही में यह 37.37% थी जो दूसरी तिमाही में घटकर 35.37% रह गई।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।