हमेशा सुर्खियों में रहने वाला कथित तांत्रिक मिर्ची बाबा बलात्कार के आरोप में ग्वालियर से देर रात गिरफ्तार।
बड़ी खबर केसरिया खबर@sms
09/अगस्त/2022
केसरिया डेस्क…
सुर्खियों में बने रहने वाले वैराग्यनंद गिरि उर्फ मिर्ची बाबा बलात्कार केस में फंस गए हैं। मिर्ची बाबा को सोमवार रात को ग्वालियर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। बाबा पर एक दिन पहले ही 28 साल की महिला ने भोपाल के महिला थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। मिर्ची बाबा को नागा बाबा का दर्जा प्राप्त है। वे खुद को हरिद्वार के पंचायती निरंजनी अखाड़ा का महामंडलेश्वर कहते हैं।

पीड़िता रायसेन की रहने वाली बताई गई है। उसने शिकायत में पुलिस को बताया था कि उसकी शादी को चार साल हो चुके हैं। बच्चे नहीं हैं, इसलिए मिर्ची बाबा के संपर्क में आई थी। बाबा ने पूजा-पाठ कर संतान होने का दावा किया। इलाज के नाम पर महिला को नशे की गोलियां खिलाकर दुष्कर्म किया। घटना इसी साल जुलाई की है। विरोध करने पर बाबा बोला- बच्चा ऐसे ही होता है।
पुलिस ने रात में गिरफ्तार कर लिया…
ग्वालियर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ASP राजेश डंडोतिया की टीम ने भोपाल पुलिस के इनपुट पर के आधार पर कार्रवाई की। डंडोतिया व उनकी टीम ने होटल नारायणन से मिर्ची बाबा को रात में गिरफ्तार कर लिया। फिर भोपाल पुलिस को सौंप दिया है। बताया जाता है कि इस संबंध में भोपाल पुलिस कमिश्नर ने SSP ग्वालियर को फोन किया था। जिसकी पुष्टि आज ग्वालियर एसपी ने भी की है।
नेतागिरी में काफी सक्रिय रहते हैं मिर्ची बाबा…
कथित तांत्रिक! मिर्ची बाबा मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खास माने जाते हैं। कमलनाथ सरकार में बाबा को राज्यमंत्री का दर्जा भी था। साल 2019 में लोकसभा चुनाव में बाबा ने कांग्रेस उम्मीदवार रहे दिग्विजय सिंह की जीत के लिए पांच क्विंटल लाल मिर्ची का हवन किया था। साथ ही मिर्ची बाबा ने तब ऐलान किया था कि अगर दिग्विजय सिंह चुनाव नहीं जीते तो वो समाधि ले लेंगे। दिग्विजय की हार और लगातार आलोचनाओं के बाद फिर जल समाधि लेने के लिए भोपाल कलेक्टर से अनुमति मांगी भी थी, जो नहीं मिली थी।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और उनकी बेटी पर दिया था बयान…
मिर्ची बाबा ने बढ़ती महंगाई पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर विवादित बयान दिया था। मिर्ची बाबा ने कहा था- एक समय जब देश में रसोई गैस की कीमतें सिर्फ 400 रुपए हुआ करती थी। उस वक्त यही स्मृति ईरानी सड़क पर डांस करती थी। आज रसोई गैस की कीमत 1000 रुपए से ज्यादा पहुंच चुकी है तो वह चुप्पी साधे हुए हैं। स्मृति की बेटी के लिए कहा था- तुम्हारी बेटी गोवा में बीयर बार चला रही है और गोमांस बेचने का लाइसेंस ले रखा है। धिक्कारता हूं तुम्हें एक भारत का संन्यासी होने के नाते…।
मिर्ची बाबा जनवरी में मुख्यमंत्री निवास पर धरना देने जा रहे थे। पुलिस ने उनको बीच में ही रोक दिया। पुलिस कार्रवाई से गुस्साए मिर्ची बाबा ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को पाखंडी तक कह दिया था।
कहा था- गोवंश की हत्या से संत समाज नाराज
बाबा ने कहा था प्रदेश में गोवंश की हत्याएं भी नहीं रुक रही हैं। इससे संत समाज आक्रोशित है। इसी के विरोध में अनशन करने मिर्ची बाबा अपने मिनाल रेसीडेंसी स्थित आवास से जैसे ही CM हाउस जाने के लिए निकले, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। भाजपा सरकार में संतों का सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा था मैं गायों को बचाने के लिए मरते दम तक लड़ता रहूंगा।
मां काली फिल्म पर दिया सिर काटने वाला बयान…
मां काली के विवादास्पद पोस्टर पर वैराग्यानंद गिरि “मिर्ची बाबा” ने भी आपत्ति जताते हुए बयान दिया था। एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने नोएडा गए मिर्ची बाबा ने वहां कहा कि काली मां का जो पोस्टर बनाया गया है, उससे मां को अपमानित किया गया है। उनके मुताबिक, ऐसी फिल्म के निर्देशक व निर्माता का जो सिर काटकर लाएगा, उसे पंचायती निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर होने के नाते 20 लाख रुपए इनाम दूंगा।
सांसद प्रज्ञा ठाकुर को भी फर्जी साध्वी कहा था…
मिर्ची बाबा ने सांसद प्रज्ञा ठाकुर को फर्जी साध्वी कहा था। बाबा ने कहा था कि प्रज्ञा ठाकुर मुझे सर्टिफिकेट दिखाए कि वह किस अखाड़े से है। प्रज्ञा ठाकुर की भाषा भी साध्वी जैसी नहीं है। साध्वी के गुरु कह चुके हैं कि वह मेरी चेली नहीं है। मां नर्मदा को साध्वी नाला बताती है। BJP फर्जी साधु-संत पनपा रही है। वहीं BJP में फर्जी संतों की भरमार है।
ग्वालियर में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा में मंच पर मिर्ची बाबा को कुर्सी नहीं मिली थी। इससे नाराज बाबा सभा में ही धरने पर बैठ गए थे।
नाराज होकर जमीन पर लगाया था आसन…
ग्वालियर में पूर्व CM कमलनाथ की आमसभा में मंच पर जगह न मिलने से नाराज हुए मिर्ची बाबा मंच के सामने ही जमीन पर बैठ गए थे। तब मिर्ची बाबा काफी देर तक वहां बैठे रहे। महापौर प्रत्याशी शोभा सतीश सिकरवार के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ फूलबाग में आमसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। जब मंच पर पूर्व CM कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष सहित कई बड़े नेता विराजमान हुए तो मिर्ची बाबा को जगह नहीं मिली। उसके बाद मिर्ची बाबा मंच के सामने जमीन पर बैठ गए। हालांकि, बाद में उन्हें देख कमलनाथ सहित कई बड़े नेता मनाकर मंच पर ले गए थे।
मप्र के मुरैना में मिर्ची बाबा की हो गई पिटाई, केसरिया सूत्र बताते हैं मुरैना के किसी नेता से विधानसभा उपचुनाव में टिकट दिलाने के वादे को न पूरे करने के कारण और कोई लेनदेन के कारण इस क्षेत्र के एक दबंग पूर्व विधायक की नाराजगी के चलते बाबा पर हमला हो गया था। जिसे बादमें शीर्ष नेताओं के दखल से शांत कराया गया। और एक लग्जरी कार भी इसके बाद सुर्खियों में आई थी!
मिर्ची बाबा ने पिछले दिनों ऐलान किया था कि वह साधु-संतों के साथ धर्म संसद करेंगे। कांग्रेस के लिए वोट मांगेंगे। वह मिशन 2023 के साथ निकाय चुनाव में भी धर्म संसद करेंगे, जिसमें देशभर के साधु-संतों को निमंत्रण दिया जाएगा।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
