मूंग खरीदी में अव्यवस्था पर किसानों का आक्रोश, स्लॉट की तारीख बढ़ाने और लंबित तुलाई की मांग
नर्मदापुरम। जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही मूंग खरीदी व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने प्रशासन के समक्ष किसानों की समस्याएं उठाई हैं। महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्लॉट की तारीख निकल चुके किसानों को अतिरिक्त अवसर देने, कई दिनों से खरीदी केंद्रों पर इंतजार कर रहे किसानों की मूंग की तुलाई कराने और लंबित बिलों का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
महासंघ के जिला अध्यक्ष शिवराज राजौरिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मूंग उपार्जन से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिलाधीश के पचमढ़ी स्थित नागद्वारी मेले में होने के कारण प्रतिनिधिमंडल की अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला के साथ बैठक हुई, जिसमें किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
10 से 12 दिन से खरीदी केंद्रों पर इंतजार का दावा
महासंघ का कहना है कि जिले के कई खरीदी केंद्रों पर किसान स्लॉट बुक कराने के बाद 10 से 12 दिन तक लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन समय पर मूंग की तुलाई नहीं हो पा रही है। इस बीच कई किसानों के स्लॉट की निर्धारित तारीख भी निकल गई, जिससे वे समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लाभ से वंचित होने की स्थिति में हैं।
संगठन ने मांग की है कि जिन किसानों का पंजीयन हो चुका है और जिनके स्लॉट बुक हैं, लेकिन निर्धारित समय सीमा में खरीदी नहीं हो सकी, उनकी स्लॉट तारीख बढ़ाई जाए। साथ ही खरीदी केंद्रों पर पहले से लाइन में लगे किसानों की उपज की तुलाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए।
स्लॉट बुकिंग व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
प्रेस नोट में महासंघ ने स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि कुछ मामलों में किसानों को स्लॉट बुक कराने के लिए रात-दिन मोबाइल देखते रहना पड़ा, जबकि बड़ी संख्या में स्लॉट एक साथ बुक होने की स्थिति भी सामने आई। महासंघ ने इस पूरी व्यवस्था की जांच और पारदर्शी तरीके से खरीदी कराने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि जिन किसानों की स्लॉट तारीख निकल चुकी है, वे अपनी उपज से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ खरीदी केंद्रों के आसपास परेशान हैं। यदि समय रहते खरीदी नहीं हुई तो किसानों को अपनी उपज वापस ले जाने अथवा उसे खुले में रखने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने रिपोर्ट तैयार कर समाधान का दिया आश्वासन
बैठक के दौरान अपर कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को जिले में मूंग खरीदी की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश स्तर पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और किसान हित में समस्याओं के निराकरण की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महासंघ ने मांग की कि मूंग खरीदी की समय सीमा किसानों के हित में बढ़ाई जाए, लंबित किसानों की तुलाई पूरी कराई जाए और जिन किसानों की उपज खरीदी जा चुकी है लेकिन बिल नहीं बन पाए हैं, उनके बिल शीघ्र तैयार कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए।
महासंघ ने आगामी धान खरीदी के लिए पंजीयन प्रक्रिया समय पर शुरू करने और खरीदी व्यवस्था को पहले से दुरुस्त करने की भी मांग की, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान इसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय उपाध्यक्ष जितेंद्र भार्गव, जिला अध्यक्ष शिवराज राजौरिया, बनखेड़ी ब्लॉक अध्यक्ष नीरज पटेल, सोहागपुर ब्लॉक अध्यक्ष सतीश रघुवंशी, पिपरिया ब्लॉक से राकेश पटेल, मनोज चौधरी झालौन और राकेश पटेल जमाड़ा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

