नई दिल्ली: रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने वेटिंग टिकट के नियम में बदलाव किया है। अब आप 120 दिन के बजाय 60 दिन पहले ही टिकट बुक करा सकते हैं। रेल मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक अब एडवांस रिजर्वेशन की समय सीमा 120 दिन से घटाकर 60 दिन (यात्रा की तारीख को छोड़कर) कर दी गई है। यह व्यवस्था 1 नवंबर से लागू होगी। हालांकि ताज एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस जैसी दिन के समय चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के मामले में कोई बदलाव नहीं होगा। इन ट्रेनों के लिए एडवांस रिजर्वेशन की समय सीमा पहले से ही कम है। साथ ही विदेशी पर्यटकों के लिए 365 दिनों की सीमा के मामले में भी कोई बदलाव नहीं होगा।
अब तक की व्यवस्था के मुताबिक यात्री चार महीने पहले ही अपनी सीट रिजर्व करवा सकते हैं। तत्काल टिकट की बुकिंग यात्रा की तिथि से एक दिन पहले की जा सकती है। रोज सुबह 10 बजे के बाद 3 एसी लेकर ऊपर की श्रेणी के लिए बुकिंग शुरू हो जाती है जबकि स्लीपर तत्काल बुकिंग सुबह 11 बजे से चालू हो जाती है।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
