भोपाल में खुलेगा मध्य प्रदेश का पहला खादी मॉल, अमेजन और फ्लिपकार्ट से होगा करार, जान लीजिए खासियत

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जल्द ही प्रदेश का पहला खादी मॉल खुलने वाला है। यह मॉल अपने आप में भव्य होगा। साथ ही इसमें सादी पहनने वालों के लिए कई ऑप्शन होंगे। इसका निर्माण भोपाल शहर के एमपी नगर जोन-1 इलाके में किया जा रहा है। खादी मॉल चित्तौड़ कॉम्प्लेक्स में बनेगा। मध्य प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड यह मॉल बना रहा है। साल 2025 तक यह मॉल बनकर तैयार हो जाएगा।

ऐसी होगी बनावट

मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर अभी खादी एम्पोरियम है। यह एम्पोरियम भी मॉल का हिस्सा होगा। पहले फ्लोर पर अलग-अलग तरह के हैंडीक्राफ्ट की प्रदर्शनी लगेगी। यहां से हैंडीक्राफ्ट खरीदे भी जा सकेंगे। खादी और सिल्क के नए ज़माने के कपड़े भी बिकेंगे। दूसरे फ्लोर पर विंध्या वैली ब्रांड के उत्पाद मिलेंगे। ग्राउंड फ्लोर पर परंपरागत खादी के कपड़े मिलेंगे। मॉल की छत पर एक खुला कैफेटेरिया भी रखने का प्लान है।

खादी ग्रामोद्योग दिग्गज कंपनियों से भी कर रहा बात

मध्य प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड कई दिग्गज कंपनियों जैसे फ्लिपकार्ट और अमेजन से भी बात कर रहा है। इनके जरिए मॉल के उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री की जाएगी। इससे ग्राहकों को घर बैठे सामान ऑर्डर करने की सुविधा मिलेगी। इससे सैकड़ों की संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही खादी उत्पादों को बाजार में एक अच्छा अवसर दिया जाएगा, ताकि उनका विकास हो सके।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।