फुल्हेरा के सरपंच, सचिव और सहायक ने किया भ्रष्टाचार… पंच परमेश्वर योजना को लेकर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

सिवनी: जिले की जनपद पंचायत घंसौर के अंतर्गत ग्राम पंचायत फुल्हेरा और केवलारी में 2014 में मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पंच परमेश्वर में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इस योजना में आने वाले ग्राम पंचायत फुल्हेरा में ई-भवन निर्माण के लिए लगभग 4 लाख रुपये और केवलारी ग्राम में सीसी रोड निर्माण हेतु लगभग 5 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे।

न रोड न भवन

नतीजा यह हुआ कि न तो सीसी रोड बन पाई और न ही ई-भवन। तत्कालीन जनपद सीईओ ने तत्कालीन सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को स्पष्टीकरण जारी किया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई और न ही कोई एफआईआर दर्ज की गई।

2014 से आज तक नहीं बन पाई सड़क

वर्तमान सचिव ने बताया कि 2014 में ग्राम केवलारी में जिस स्थान पर सीसी रोड के लिए राशि का आहरण किया गया था, वहां आज तक सड़क निर्माण नहीं हो सका। अब नियमानुसार उस स्थान पर दोबारा राशि स्वीकृत नहीं हो सकती क्योंकि कागजों में वह सड़क पहले से ही बनी हुई है।

ग्रामीण हो रहे परेशान

ग्रामीण खराब सड़क की वजह से परेशान हैं। पर आरोपी सचिव, सरपंच और रोजगार सहायक आराम से अपनी जिंदगी जी रहे हैं। इस पूरे मामले में अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।