नई दिल्ली: टॉड ग्रीनबर्ग को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का नया सीईओ नियुक्त किया गया। वह निक हॉकले की जगह लेंगे, जिन्होंने अगस्त में यह ऐलान किया था कि वह मार्च के अंत में अपना पद छोड़ देंगे।ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ने इस संबंध में जारी अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘ग्रीन बर्ग को उनके पुराने अनुभवों को देखते हुए इस पद के लिए चुना गया है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सीईओ नियुक्त किए जाने से पहले वह नेशनल रग्बी लीग और कैंटरबरी-बैंकस्टाउन बुलडॉग्स के सीईओ, स्टेडियम ऑस्ट्रेलिया के महाप्रबंधक भी रह चुके हैं। वह विधिवत रूप से मार्च के महीने से अपने पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।’
ग्रीनबर्ग कैंटरबरी बुलडॉग्स के सीईओ बनने से पहले क्रिकेट एनएसडब्ल्यू के साथ भी काम कर चुके हैं। वह 2016 में एनआरएल (नेशनल रग्बी लीग) के सीईओ भी बने थे। इस पद पर उन्होंने चार साल तक काम किया था। एनआरएल छोड़ने के बाद वह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स एसोसिएशन के प्रमुख के रूप में काम कर रहे थे।
ग्रीनबर्ग ने कहा, “मुझे ऑस्ट्रेलियाई खेल में इस महत्वपूर्ण भूमिका को निभाने और उस खेल में अपनी भागीदारी बढ़ाने का अवसर मिलने के लिए बहुत खुशी है, जिसे मैं बचपन से पसंद करता हूं। यह क्रिकेट के लिए बहुत रोमांचक समय है, क्योंकि दुनिया भर में यह खेल तेजी से विकसित हो रहा है। हालांकि, इसके साथ ही यह चुनौती भी है कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट अपने शीर्ष स्थान को बनाए रखे।”
सीए के अध्यक्ष माइक बेयर्ड ने कहा, ‘टोड नेशनल रग्बी लीग का नेतृत्व करने, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स एसोसिएशन के सीईओ के रूप में अपनी वर्तमान भूमिका, और क्लब और स्टेडियम प्रबंधन में अपने अनुभव के साथ इस भूमिका में बहुत मूल्यवान अनुभव लाएंगे।’
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
