भोपाल के ऐशबाग में आज एक वैन में आग लगने के बाद ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि वैन के परखच्चे (टुकड़े) 50 फीट तक ऊपर उड़ गए। वहीं 30 से 40 फीट तक आग की लपटें नजर आई। इससे लोग दहशत में आ गए। हालांकि कोई जन हानि नहीं हुई है। घटना मंगलवार सुबह 11.45 बजे की है। बता दें ऐशबाग इलाके में फातमा बी की मस्जिद के पास एक वैन खड़ी थी। इसमें अज्ञात वजह से आग लग गई। धीरे-धीरे आग फैल गई। इससे वैन आग की लपटों में घिर गई। कुछ देर बाद ही वैन में ब्लास्ट हो गया।
वैन में एलपीजी सिलेंडर लगा था
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन में एलपीजी सिलेंडर लगा था। संभवत: यह एलपीजी से ही चलती होगी। आग लगने के बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इसकी आवाज से पूरा इलाका दहशत में आ गया। रहवासी मयंक यादव ने तुरंत फायर ब्रिगेड स्टेशन पर कॉल करके सूचना दी। इसके बाद बोगदा पुल से दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। ब्लास्ट के बाद भी करीब 15 मिनट तक वैन में आग लगी रही।
घरों पर गिरे टुकड़े, घायल कोई नहीं
जानकारी के अनुसार वैन के टुकड़े कुछ घरों पर भी गिरे, लेकिन किसी के भी घायल होने या किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई हैं।
पहले लगा कचरे में आग लगी है, देखा तो वैन जल रही थी
प्रत्यक्षदर्शी मयंक ने बताया- मैं छत पर घूम रहा था। तभी सामने सड़क पर कुछ जलते हुए देखा। पहले लगा कि कचरे में आग लगी होगी, लेकिन जब ध्यान से देखा तो वैन जल रही थी।
10 मार्केट में 3 दुकानों में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान
दस नंबर मार्केट के अध्यक्ष आनंद सोनी ने बताया- इस मार्केट में ही नेहरू मार्केट भी है। यहां पर एक बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित दो बुटिक और एक आयल पेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट सामने आया है। जिसके चलते करीब 20 लाख रुपए का नुकसान होना सामने आया हैं।
मुख्य गेट के बीच में लगा दिया पाइप, घूमती रही दमकल
अध्यक्ष सोनी ने बताया कि कुछ समय पहले निगम ने मार्केट में निर्माण कराया था। इस दौरान मुख्य गेट के बीच में एक पाइप लगा दिया। जिससे बड़ी गाड़ियां अंदर नहीं जा सकती। यह मंगलवार को बड़ी मुसीबत बन गया। पाइप होने की वजह से दमकल मौके पर नहीं पहुंच पाई। करीब आधा घंटा आग बुझाने में लग गया, जबकि दमकल समय पर आ गई थी। यदि पाइप नहीं होता तो आग विकराल नहीं होती और नुकसान भी नहीं होता।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
