छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड के बाद अब पन्ना में नशीली दवाइयां का..

पन्ना में सरकारी मेडिकल स्टोर के नाम पर दवाओं की खुली बिक्री!

छिंदवाड़ा के कफ सिरप कांड से प्रशासन ने नहीं लिया सबक, अब एक और गंभीर मामला सामने आया है — मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से।

पन्ना, 25/अक्टूबर/2025 

सचिन कुमार मिश्रा

पन्ना के कचहरी चौराहे पर अभिषेक साहू नामक व्यक्ति द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर पर “सरकारी मेडिकल स्टोर” का बोर्ड लगाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि मेडिकल पर फार्मासिस्ट मौजूद नहीं था, फिर भी वहां अल्प्राजोलाम जैसी नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं की खुलेआम बिक्री की जा रही थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित महिला ने मौके पर हंगामा कर दिया। महिला का आरोप था कि उसका पति इसी दवाई का सेवन कर नशे का आदी बन गया है, जिससे पूरा परिवार परेशान है। उसके शोर-शराबे के बाद स्थानीय नागरिक और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही पन्ना कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने विभाग के फार्मासिस्ट राजेश तिवारी को मौके पर भेजा। तिवारी ने पहुंचकर मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से बंद करवाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ऐसे कई मेडिकल स्टोर हैं जो सरकारी नाम का दुरुपयोग कर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री कर रहे हैं। अब प्रशासन पर सवाल है कि क्या पन्ना में भी कफ सिरप कांड जैसी लापरवाही दोहराई जाएगी या समय रहते सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Note : ये दवा केवल प्रिस्क्रिप्शन वाली दवा है जिसका उपयोग चिंता के लक्षणों से अल्पकालिक राहत के लिए किया जाता है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।