मिशन मप्र 2023 बीजेपी से वापस संघ लौटे भगत अब शर्मा को बड़ी ज़िम्मेदारी….
भोपाल,रविवार
13/मार्च/2022
मिशन मप्र 2023 बीजेपी से वापस संघ लौटे भगत अब हितानंद शर्मा को मिलेगी बड़ी ज़िम्मेदारी….
शैलेंद्र मिश्रा शैली…9425030127 kesarianews@gmail.com
मप्र बीजेपी के भीतर संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। मिशन 2023 अंतर्गत,तैयारी में जुटे पार्टी संगठन और संघ के खेमे में हलचल शुरू हो गई है।
इसी के चलते 6 वर्षों से संगठन महामंत्री रहे सुहास भगत की संघ में पुनः वापसी हो गई है। उन्हें मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ के बौद्धिक प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है, हालांकि अभी तक नए संगठन महामंत्री का नाम तय नहीं हुआ है। फिलहाल सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी देखेंगे और उनके नाम पर अंतिम मुहर भी लगाई जा सकती है पूर्व अनुमान अनुसार।
संघ (आरएसएस) ने मप्र में लिया मिशन 2023 की तैयारी का जायजा..
मध्यप्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति बननी शुरू हो गई है। भाजपा में बदलाव की अटकलें भी काफी दिनों से चल ही रही थीं। इसीलिए सुहास भगत को संघ में वापस बुला लिया गया है, हालांकि सुहास भगत का कार्यकाल 3 साल का था, लेकिन उन्हें 6 साल तक संगठन महामंत्री के पद पर कार्य करने का मौका मिला। संघ में वापसी के बाद भगत को अब मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ के बौद्धिक प्रमुख की महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हाल ही में कर्णावती में हुई संघ की बैठक में यह फैसला लिया गया सुहास भगत का नया मुख्यालय अब जबलपुर होगा। संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में अगले साल विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई है।
2016 में संगठन मंत्री बनाए गए थे सुहास भगत….
सुहास भगत को अरविंद मेनन के बाद 2016 में संगठन महामंत्री बनाया गया था। उन्होंने अपने कार्यकाल में युवाओं को प्रमोट करते हुए मंडल अध्यक्षों की जिम्मेदारी 40 साल से कम आयु की युवाओं को सौंपी। अपने कार्यकाल के दौरान भगत ने सिंधिया समर्थकों और बीजेपी के बीच भी सामंजस्य बिठाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुहास भगत का 6 साल का कार्यकाल भी विवाद रहित रहा है! उनके कई कठोर निर्णय और उनकी दूरगामी समझ किसी से छिपी नही है।
सुहास भगत को जानने वाले कहते हैं, वो नारियल की तरह हैं बाहर से कठोर लेकिन अंदर से सौम्य। नए लोगों से मिलना,बात करना और लोगों को अपने से जोड़े रखने में भी भगत माहिर हैं।
संघ में वापसी को प्रमोशन के रूप में देखा जा रहा…
संघ से बीजेपी में आने के बाद बहुत ही कम लोगों को फिर से संघ में वापस लिया जाता है। सुहास भगत के मामले में माना जा रहा है कि संघ ने उनकी पूरी रिपोर्ट का आंकलन करने के बाद ही उन्हें (भगत) को संघ में वापस लिया है। इसे उनके लिए प्रमोशन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
15 मार्च को होगी प्रेस ब्रीफिंग…
गुजरात के कर्णावती में 11 मार्च से 13 मार्च तक संघ की प्रतिनिधि सभा की बैठक हुई है। प्रतिनिधि सभा में हुए निर्णयों की जानकारी देने के लिए संघ RSS के पदाधिकारी 15 मार्च को प्रेस ब्रीफिंग करेंगे।
प्रेस वार्ता भोपाल के विश्व संवाद केंद्र में होगी जहां मध्यभारत प्रांत के संघचालक अशोक पांडेय प्रतिनिधि सभा में लिए गए फैसलों की जानकारी देंगे।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
