बिलासपुर। प्रदेश में सरकार बदलते ही नगरीय निकायों में भी सियासी समीकरण में बदलाव दिखाई देने लगा है। बिलासपुर व मुंगेली जिले की दो निकायों में सत्ताधारी दल भाजपा के अध्यक्ष काबिज होंगे। राज्य शासन ने एक आदेश जारी कर तखतपुर नगरपालिका व सरगांव नगर पंचायत में दो पार्षदों को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बिलासपुर व मुंगेली जिले के एक-एक नगरीय निकाय में अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है। विभाग द्वारा मंत्रालय से जारी अलग-अलग आदेश के अनुसार बिलासपुर जिले के तखतपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद अमरीका कृष्ण कुमार साहू को तखतपुर नगर पालिका का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मुंगेली जिले के सरगांव नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक पांच के पार्षद परमानंद साहू को सरगांव नगर पंचायत का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
राज्य शासन ने दोनों नगरीय निकायों में वर्तमान अध्यक्षों के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद अध्यक्ष के रिक्त पदों की जानकारी देते हुए नए अध्यक्षों के निर्वाचन के लिए आवश्यक कार्यवाही हेतु छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है। लोकसभा चुनाव के बाद दोनों निकायों में अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए आयोग द्वारा प्रकिया प्रारंभ की जाएगी। तब तक भाजपा के पार्षद कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर कामकाज करते नजर आएंगे।
बिलासपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसके चलते जिला पंचायत की राजनीतिक तस्वीर भी बदल गई है। सामान्य सभा की बैठक के दौरान इस बार सत्ता और विपक्ष का समीकरण तो बदला नजर आएगा ही साथ ही बैठक व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव दिखाई देगा।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
