कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह बोले- मेरा और दिग्विजय सिंह का पट्टा नहीं, नए लोगों को पद मिलना चाहिए

राजगढ़। यह कोई लक्ष्मण सिंह या दिग्विजय सिंह का पट्टा नहीं है, नए लोगों को भी बड़े-बड़े पदों पर मौका मिलना चाहिए। नए लोगों को मौका मिलेगा तो वह नई ऊर्जा के साथ काम करेंगे। अब ट्रैफ़िक जाम हट गया है, अब कांग्रेस की गाड़ी सड़कों पर सरपट दौड़ेगी। यह बात राजगढ़ के पूर्व सांसद व दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने जिला मुख्यालय पर मीडिया से चर्चा करते हुए कही।
लक्ष्मण सिंह सोमवार को राजगढ़ पहुंचे थे। ज़ब उनसे लोकसभा चुनाव को लेकर पूछा गया की राजगढ़ लोकसभा से कौन चुनाव लड़ेंगे, क्या लक्ष्मण सिंह या दिग्विजय सिंह चुनाव मैदान में उतरेंगे। इसको लेकर सिंह ने कहा की कांग्रेस पार्टी का जो भी प्रत्याशी होगा उसके साथ हम सब लोग मिलकर चुनाव लड़ेंगे। पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे ओर राजगढ़ से चुनाव में जीत दर्ज करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के सवाल पर कहा की जो ट्रैफिक जाम था वह धीरे-धीरे हट रहा है। जो जा रहे हैँ उनकी जगह नए लोग आ रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता बहुत खुश हैं। अब नए-नए कार्यकर्ताओं को मौका मिलेगा, हमारे कार्यकर्ता बहुत खुश हैं। आगे कहा कि मैं तो हमेशा से कहता हूं की कार्यकर्ताओं को बड़े-बड़े पद मिलना चाहिए। कोई लक्ष्मण सिंह, दिग्विजय सिंह का पट्टा नहीं है। हमारे ऊर्जावान कार्यकर्ता हैं उनको आगे नहीं बढ़ाएंगे तो कैसे काम चलेगा, हमेशा फिर तो ट्रैफ़िक जाम ही रहेगा।
ट्रैफिक जाम को लेकर मीडिया ने सवाल किया की क्या सुरेश पचौरी की वजह से गाड़ी रुकी हुई थी, ट्रैफिक जाम था। तो इसको लेकर उन्होंने कहा की बिल्कुल गाड़ी रुकी हुई थी। ट्रैफ़िक जाम था, थोड़े बहुत और भी हैँ अभी वह ओर चले जाएं तो और बढ़िया है। आगे कहा की यहां पर दो-ढाई लाख नए युवा मतदाता हैं, हमें उन्हें जोड़ना है। उनके बीच जाकर सदस्य बनाना है, यदि ट्रैफिक जाम रहेगा तो हम नए लोगों को कैसे कांग्रेस का किस मुंह से सदस्य बना पाएंगे। वह तो कहेंगे कि यहां तो ट्रैफिक जाम है। मैं तो हमेशा नए लोगों को मौका देने के पक्ष में रहता हूं।
विधायक मेंदोला बोले- कांग्रेस की सड़क साफ हो जाएगी
कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर भी इंटरनेट मीडिया पर शब्दों की जंग जारी है। जैसे हीं कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली तो राजगढ़ के पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने एक्स पर लिखा- कांग्रेस के नेताओं का पार्टी छोड़कर जाने पर ऐसा महसूस हो रहा है जैसे ट्रैफिक जाम खुल गया हो।
धीरे-धीरे सभी की गाड़ियां आगे बढ़ेंगी। क्योंकि ये बिना एक भी चुनाव जीते नेता बने बैठे थे। जो कई चुनाव जीते हैं उन्हें पीछे धकेल दिया जाता था। अब ऐसा नहीं होगा। लक्ष्मण सिंह की पोस्ट पर इंदौर 2 से भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने लिखा कि- सर राहुल जी की कृपा बरसती रही तो कुछ दिनों में कांग्रेस की पूरी सड़क साफ हो जाएगी। गांधीजी की कांग्रेस के संबंध में इच्छा पूरी करने के लिए बहुत मेहनत कर रहे है वो।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।