यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए चौक -चौराहों पर लगेंगे साउंड सिस्टम

अंबिकापुर। अंबिकापुर के चौक-चौराहों की व्यवस्था सुदृढ होगी। यातायात जागरूकता संबंधित जनकारी के लिए अत्याधुनिक जिंगल साउंड सिस्टम लगाया जाएगा। चौक-चौराहों को व्यवस्थित करने के साथ ही सड़कों की मरम्मत होगी। यातायात संकेतक और नियमों से संबंधित बोर्ड लगाए जाएंगे। पुलिस, राजस्व और नगर निगम द्वारा विस्तृत कार्ययोजना बनाकर शहरी व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। रविवार को पुलिस, राजस्व और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर के चौक-चौराहों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर निगम आयुक्त प्रकाश राजपूत के साथ अधिकारियों की टीम ने चौक-चौराहों पर जाकर स्थिति का अवलोकन किया। ट्रैफिक बूथ बनाने के लिए स्थल चयन भी किया गया। चौक-चौराहों पर बाएं ओर की ट्रेफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए। सभी स्थानों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। यह तय किया गया कि सभी चौक-चौराहों एवं तिराहों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हेतु हाईमास्क लाइट लगाई जाएगी। शहर के भीतर स्थित सभी चौक-चौराहों, तिराहों एवं रिंग रोड़ में ट्रैफिक मार्किंग कराई जाएगी। कुछ चौक-चौराहों में स्थापित प्रतिमाओं को ससम्मान बीच चौक से हटवाकर किनारे लगवाया जाएगा।
इस समस्या निराकरण के लिए भी होगी पहल अंबिकापुर शहर के चौक -चौराहों में एक और समस्या देखने को मिलती हैं। रेड सिग्नल पर रुकने वाले वाहनों को बाएं ओर खड़ा कर दिया जाता है इसलिए लोग उधर से नहीं निकल पाते। कहीं-कहीं सड़कें भी क्षतिग्रस्त है इसलिए भी दिक्कत होती है। इस समस्या के निराकरण के लिए भी पहल की गई है। यह तय किया गया है कि बाएं साईड की यातायात व्यवस्था चलते रहे इसके लिए विभिन्न चौक – चौराहों में बाएं साईड के सड़क निर्माण और सुधार करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई तथा स्थल भ्रमण कर स्थान तय किया गया। मुख्य मार्ग में मिलने वाली सभी छोटी सड़कों, चौक-चौराहों में दुर्घटनाओं से बचाव हेतु ब्रेकर बनाया जाएगा।
एक सप्ताह में 1000 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई फिर भी नहीं सुधर रहे लोग फ़ोटो- अंबिकापुर शहर की ध्वस्त हो चुकी यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस पूरा जोर लगा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जा रहा है। एक सप्ताह के भीतर नियम तोड़ने वाले लगभग 1000 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच लाख से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया है इसके बाद भी दो पहिया में तीन सवारी , वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग, सिग्नल जंप करने के साथ तेज गति से वाहन चालन करने वाले अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे है।
ब्लैक फ़िल्म वाली चार पहिया वाहनों के विरुद्ध भी अब कार्रवाई की जा रही है। यही कारण है कि अंबिकापुर शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर अब समझाइश नहीं दी जा रही है बल्कि सीधे कार्रवाई हो रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ट्रैफिक सेंस की कमी से यह स्थिति उतपन्न हो रही है लेकिन समय के साथ लोगों में जागरूकता आएगी और व्यवस्था में बदलाव परिलक्षित होगा। वर्जन शहर के चौक-चौराहों में सुव्यवस्थित आवागमन के लिए स्थल निरीक्षण किया गया है। आवश्यकता के अनुरूप नई सुविधा और कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इन सभी पर काम होगा। शहर के कुछ प्रमुख चौक-चौराहों पर जिंगल साउंड सिस्टम लगाया जाएगा। यह आडियो सिस्टम होता है। इससे यातायात नियमों की जानकारी दी जाती है। अमोलक सिंह ढिल्लो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।