ढाबे पर बिक रही थी अवैध शराब, आबकारी टीम ने मारा छापा

भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। शराब के अवैध परिवहन, बिक्री को रोकने के लिए लगातार सघन चेकिंग की जा रही है। इसके बावजूद जिले में अवैध शराब की बिक्री पर लगाम नहीं लग पा रही। ढाबों और निचली बस्तियों में अवैध शराब का गोरखधंधा खूब चल रहा है। इसकी भनक जब आबकारी टीम को लगी तो छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद करते हुए आरोपितों पर प्रकरण दर्ज किया है।
जिला आबकारी कंट्रोलर आरजी भदोरिया ने बताया कि गुरुवार को विदिशा रोड स्थित ढाबे पर छापा मारते हुए अवैध शराब बरामद की गई है। यहां ढाबा संचालक द्वारा शराब छिपाकर रखी थी और लोगों को अवैध रूप से परोसी जा रही थी। आबकारी टीम ने आरोपित राजू को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसी तरह छोला बस्ती में रेलवे लाइन के पास अवैध शराब बेची जा रही थी। जहां टीम ने पहुंचकर घेराबंदी की और तलाशी ली तो झाड़ियों में छिपाकर रखी अवैध शराब बरामद की गई है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।