छिंदवाड़ा | मध्य प्रदेश में प्रथम चरण में 19 तारीख को होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर बयानबाज़ी और गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। इसी दौरान मध्य प्रदेश की सबसे हॉट सीट छिंदवाड़ा में आज देश के गृहमंत्री अमित शाह रोड शो करने वाले हैं। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने उनके इस दौरे पर तंज कसा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा है कि बीजेपी कमलनाथ की लोकप्रियता से घबरा गई है और छिंदवाड़ा सीट जीतने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रही है।
जहां हमारे छिंदवाड़ा प्रत्याशी नकुल नाथ को बदनाम करने के लिए झूठा वीडियो बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अपने बड़े-बड़े नेताओं को यहां प्रचार करने भेज रही है। त्रिपाठी ने कहा कि कल छिंदवाड़ा में पुलिस पहुंची थी और आज अमित शाह आ रहे हैं, यह बीजेपी की रणनीति का हिस्सा है। बीजेपी हर हाल में यह सीट जीतना चाहती है, इसलिए तरह-तरह के प्रयोग कर रही है।
बता दें कि मध्य प्रदेश की एकमात्र सीट छिंदवाड़ा कांग्रेस के कब्जे में है। बीजेपी इस सीट को जीतने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खास बात यह है कि बीजेपी के सभी बड़े नेता यहां प्रचार करने पहुंच रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ कांग्रेस के उम्मीदवार हैं जो भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू को सीधे टक्कर दे रहे हैं।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

