भिलाई। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र की सात विधानसभा में भाजपा के विधायक काबिज है। वहीं, केवल पाटन और भिलाई नगर में कांग्रेस ने चुनाव जीता था। पाटन से कांग्रेस 19 हजार से अधिक मतों और भिलाई नगर से 1,200 से अधिक मतों के अंतर से जीती थी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए विस चुनाव में मिले वोटों के अंतर को पाटना किसी चुनौती से कम नहीं है।
पिछले विधानसभा चुनाव में दुर्ग जिले की छह विधानसभा सीटों में से चार पर भाजपा और दो पर कांग्रेस को जीत मिली थी। वहीं, बेमेतरा जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी ही चुनाव जीतने में सफल रहे। दुर्ग लोकसभा में प्रमुख मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहा है। वर्तमान में सात विधानसभा सीटों दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, वैशाली नगर, अहिवारा, साजा, बेमेतरा और नवागढ़ पर भाजपा का कब्जा है।
वहीं पाटन और भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के विधायक हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस संसदीय क्षेत्र की सात विधानसभा सीटों पर भारी मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। दुर्ग शहर और वैशालीनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी 40 हजार से अधिक मतों के अंतर से विजयी हुए थे। भाजपा की जीत वाली दुर्ग ग्रामीण, अहिवारा और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी वोटों का अंतर काफी अधिक रहा है।
दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पाटन और भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में ही कांग्रेस को जीत मिली थी। इसमें पाटन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को 19723 मतों के अंतर से जीत मिली थी। वहीं भिलाई नगर विस क्षेत्र में सबसे कम 1264 मतों के अंतर से ही कांग्रेस जीती है। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को इन सीटों पर अपने जीत को बरकरार रखने के साथ ही अन्य विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ेगी।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
