भाजपा का आरोप – कांग्रेस का चरित्र आज भारत विरोधी

कर्नाटक | कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर के बयान पर राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने कहा है कि जी परमेश्वर ने देश विरोधी बयान दिया है और उनका बयान चिंताजनक है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का चरित्र आज भारत विरोधी हो गया है।
गौरव भाटिया ने कहा कि ‘कर्नाटक के गृह मंत्री ने भारत विरोधी, दुखी करने वाला और चिंताजनक बयान दिया है। उनका कहना है कि पुलवामा हमला केंद्र सरकार के इशारे पर हुआ। यह विश्वास से भी परे है कि आज की कांग्रेस का चरित्र भारत विरोधी है। उनके नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के इशारे पर ऐसे बयान दे रहे हैं। बालाकोट एयर स्ट्राइक के समय भी कांग्रेस, सपा और आम आदमी पार्टी ने बेतुके बयान दिए थे और इसके सबूत मांगे थे। वही भारत विरोधी चरित्र जी परमेश्वर के बयान में दिखा है। लोकतंत्र में ऐसे बयानों के लिए कोई जगह नहीं है।’
भाजपा नेता ने कहा कि ‘अगर कांग्रेस का ऐसा स्टैंड है तो ये कह सकते हैं कि कांग्रेस के इन कामों की भारत में कोई जगह नहीं है। आप भारतीय सेना से सबूत मांगते हैं और अब देश के लोग ही आपके पूछ रहे हैं कि आप भारतीय हैं या नहीं।’ बता दें कि जी परमेश्वर ने अपने एक बयान में कहा कि ‘ये आशंका लगातार बनी हुई है कि फरवरी 2019 को जो पुलवामा में जो हमला हुआ था, वो केंद्र सरकार के इशारे पर तो नहीं हुआ था। कई सवाल अभी भी ऐसे हैं, जिनका जवाब नहीं मिला है।’ जी परमेश्वर के इसी बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।