कम वोटिंग को लेकर हुई समीक्षा बैठक में वीडी शर्मा बोले- कांग्रेस की उदासीनता के कारण कम हुई वोटिंग

भोपाल | गुरुवार सुबह 11 बजे भोपाल में भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इस बैठक में पहले दो चरण के मतदान को लेकर समीक्षा की गई। साथ ही अगले तीसरे और चौथे चरण के मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा के पक्ष में 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने लिए पन्ना प्रमुख मतदाताओं को घर से निकालने का काम किया जायेगा। मतदान के दिन तक पन्ना और अर्द्ध पन्ना प्रमुख के साथ सभी संगठनों के कार्यकर्ता इस काम में जुटेंगे। वोट बढ़ाने मंत्री-विधायक अपने-अपने क्षेत्र में मोर्चा संभालेंगे। शर्मा ने कहा कि दोनों चरणों की 12 सीटों पर हुए मतदान की समीक्षा में यह बात सामने आई है कि कांग्रेस के प्रभाव वाले मतदान केंद्रों में सबसे कम मतदान हुआ है। वहीं जहां से भाजपा को एकतरफा बढ़त मिल रही है। वहां मतदान का प्रतिशत बहुत अच्छा है.
वहीं कम मतदान को लेकर वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की उदासीनता के कारण कम वोटिंग हुई है। साथ ही राहुल गांधी पर भी वीडी शर्मा ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान हाथ में लेकर झूट बोलते हैं। शर्मा ने कहा कि अमित शाह के वीडियो को लेकर वो राहुल की चुनाव आयोग में शिकायत करेंगे। उन्होंने कहा राहुल की लोकप्रियता पाकिस्तान में ही होगी।
प्रदेश में तीसरे और चौथे चरण में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग भी सक्रिय हो गया है। इसको लेकर आयोग ने बुधवार को चले बूथ की ओर अभियान शुरू किया है। इसमें मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।