बागेश्वर धाम के पास भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर के बाद खाई में गिरी यात्री बस, 1 बच्चे की मौत, 35 घायल

छतरपुर: एमपी के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस घटना में एक 13 साल के बच्चे की मौत हो गई। वहीं लगभग 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को ग्रामीण एवं पुलिस की मदद से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घटना देर रात 1:00 बजे के आसपास की बताई जा रही है।

हादसा देख कांप गई राहगीरों की आत्मा

हादसे के बाद रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने इस सड़क हादसे को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। उसके बाद ग्रामीणों ने आपसी मदद से घायलों को निकालने का कार्य किया गया। काफी देर संघर्ष करने के बाद ग्रामीणों ने कई यात्रियों की जान बचा ली। कुछ देर बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई और बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को बस के बाहर निकाल लिया गया।

13 साल के मासूम ने तोड़ा दम

घटना में एक 13 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि यह बच्चा सैनिक स्कूल में पढ़ता था।

ट्रक का टायर फटने से हुआ हादसा

 

घटना की जानकारी देते हुए खजुराहो एसडीओपी सलिल शर्मा ने बताया कि टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित हो गया। जिसके कारण वह बस से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पलट गई और खाई में जा गिरी।

मदद के लिए चिल्ला रहे थे यात्री

 

प्रत्यक्षदर्शी रामेश्वर पटेल ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। तभी उन्होंने एक ट्रक को बस में टक्कर मारते हुए देखा। वे अपने दोस्त के साथ घटनास्थल के पास पहुंचे। वहां का हाल देखकर उनकी हालत खराब हो गई। यात्री मदद के लिए चिल्ला रहे थे। इसके बाद रामेश्वर पटेल एवं उनके दोस्त तुरंत मदद में जुट गए।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।