नामांकन जमा करने सिंधिया पहुंचे शिवपुरी, दिग्विजय ने राजगढ़ में भरा नामांकन

भोपाल। 12 अप्रैल से तीसरे चरण की वोटिंग को लेकर नामांकन पत्र जमा करने की शुरूआत हो चुकी है। मंगलवार को राजगढ़ सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने भी नामांकन दाखिल कर दिया है । वह दोपहर बाद अपनी पत्नी अमृता के साथ राजगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे थे।
उधर, केंद्रीय मंत्री और गुना-शिवपुरी सीट से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शिवपुरी में आज अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, लालसिंह आर्य आदि भी उनके होंगे। इसके पहले वह कारों के काफिले के साथ गुना से शिवपुरी के लिए रवाना हुए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। सिंधिया दोपहर करीब पौने दो बजे शिवपुरी पहुंचे। गुना बायपास से सिंधिया का रोड शो शुरू हुआ। समर्थकों की जिद पर सिंधिया खुले वाहन में सवार हुए। जगह-जगह समर्थक उनका स्वागत कर रहे हैं।
इससे पहले सिंधिया ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि जनसेवा का संकल्प आज हम सब ले रहे हैं। क्षेत्र के विकास के लिए, प्रदेश के विकास के लिए और देश के विकास के लिए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत विकास पथ पर अग्रसर हो चुका है।
सिंधिया सोमवार की रात्रि गुना पहुंचे थे, जहां उन्होंने पहले गुरुद्वारा साहब पहुंचकर मत्था टेका। इसके बाद जैन मंदिर पहुंचे। इस दौरान जैन समाज के लोगों से मुलाकात कर रात्रि विश्राम गुना में ही किया।
दिग्विजय सिंह ने पहले ही कहा था कि वह सिर्फ चार लोगों प्रस्तावक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी व वकील के साथ निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने कांग्रेसजनों से राजगढ़ में भीड़ नहीं लगाने का भी आव्हान किया था। राजगढ़ सीट से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।