MP News: 11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह, जबलपुर, धार और खंडवा में होंगे बड़े आयोजन
भोपाल: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में इसकी जानकारी दी।
पत्रकार-वार्ता में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खंडवा में बड़े आयोजन किए जाएंगे।
प्रदेश के सभी जिलों में निकलेंगी सांस्कृतिक रैलियां
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले में दो से तीन किलोमीटर लंबी सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। इनमें जनजातीय समाज की लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान एवं दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम होंगे। 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा। वहीं 18 से 20 नवंबर तक विभिन्न जनजातीय विकासखंडों के चयनित गांवों में जनजातीय गौरव चौपालों का आयोजन प्रस्तावित है।
बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया जाएगा याद
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष अंग्रेजी हुकूमत के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए भी था।
उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान बिरसा मुंडा सहित टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक और रानी कमलापति जैसे जननायकों के योगदान को भी प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।
जनजातीय समाज के राजनीतिक नेतृत्व का किया जिक्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने जनजातीय समाज को सम्मान देने के साथ प्रदेश में राजनीतिक नेतृत्व विकसित करने का कार्य किया है। उन्होंने केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार में जनजातीय समाज से जुड़े मंत्रियों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और संगठन के कार्यों में जनजातीय समाज के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई देती है।

मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के नाम पर श्री अन्न योजना, टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय और राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के नाम पर मंडला में मेडिकल कॉलेज निर्माण जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।
सार्वजनिक स्थलों के नामकरण की भी तैयारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान भवनों, सड़कों, चौराहों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का नामकरण जनजातीय महापुरुषों एवं जननायकों के नाम पर करने की पहल भी की जाएगी। प्रदेश में किसी महत्वपूर्ण स्थान का नामकरण जनजातीय जननायक के नाम पर करने की तैयारी भी है।
इसके लिए 12 और 13 नवंबर को जिलों में बैठकों के माध्यम से कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पत्रकार-वार्ता में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम और प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: केसरिया न्यूज़ | भोपाल
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

