जानिए किन अभिनेत्रियों को अपनी प्रेरणा मानती है आलिया भट्ट |

आलिया भट्ट इंडस्ट्री की सफल अभिनेत्रियों में से एक हैं। आलिया अपनी फिल्मों के चलते अक्सर सुर्खियों में छाई रहती हैं। आलिया ने हाल ही में बताया कि वह ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण को अपनी प्रेरणा मानती हैं। फोर्ब्स के कार्यक्रम में बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि वह उन तीनों की दिल से प्रशंसा करती हैं। इसके अलावा उन्होंने फिल्मों के बारे में बात करते हुए कहा कि इसकी कहानियां सबसे आगे होनी चाहिए न कि व्यक्ति की लोकप्रियता।
आलिया ने कहा, ‘भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्रियों ने काफी अच्छा किया है। इसके चलते वे मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा रही हैं। ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण ये ऐसे कलाकार हैं, जो मेरी दोस्त भी हैं। साथ ही मैं इनकी पूरे दिल से प्रशंसा करती हूं। इसलिए मुझे उन्हें बहुत अधिक श्रेय देना होगा क्योंकि उन्होंने एक तरह से मेरा मार्गदर्शन किया है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे यह भी लगता है कि हम ऐसे समय में रह रहे हैं जहां परिवर्तन समय की मांग है, जहां आप दुनिया के कई हिस्सों से अलग-अलग चेहरों को अलग-अलग लहजे में बोलते हुए देखना चाहते हैं।’ फिल्मों पर बात करते हुए आलिया ने कहा, ‘कहानी वह है जो सबसे आगे होनी चाहिए। न कि आप कहां से आते हैं, आप कौन हैं, आप किस लहजे में बोलते हैं।’
गौरतलब है कि पिछले साल कॉफी विद करण सीजन 8 के एक एपिसोड में करण जौहर ने करीना कपूर खान से पूछा था कि क्या उन्हें लगता है कि दीपिका पादुकोण उनकी प्रतिस्पर्धी हैं। उन्होंने कहा था कि ये सवाल आलिया पर लागू होता है। वहीं, जब करण ने आलिया से ये सवाल किया तो उन्होंने कहा था, प्लीज, बिल्कुल नहीं। वह क्यों होगी? वह मेरी सीनियर हैं। कोई प्रतिस्पर्धा नहीं हैं।’
आलिया के वर्कफ्रंट की बात करें तो, पिछले साल वह करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में रणवीर सिंह के साथ नजर आई थीं। फिलहाल उनके पास संजय लीला भंसाली की फिल्म लव एंड वॉर है, जिसमें वह रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगी। इसके अलावा वह वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की फिल्म में शरवरी वाघ के साथ दिखाई देंगी। आलिया भट्ट के पास निर्देशक वासन बाला की ‘जिगरा’ भी पाइपलाइन में है।

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।