कनाडा में हिंदुओं को खतरा… कनाडाई हिंदू सांसद ने खालिस्तानी खतरे पर किया आगाह, ट्रूडो के खालिस्तान प्रेम की खोली पोल

ओट्टावा: कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के भारत के खिलाफ बेबुनियाद आरोपों के चलते दोनों देशों के बीच रिश्तों बेहद ही निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। भारत ने कनाडा में अपने राजनियकों पर खतरा बताते हुए उन्हें वापस बुला लिया है और कनाडा के छह राजनयिकों को देश छोड़ने को कहा है। इस बीच कनाडा के सांसद ने ट्रूडो के देश की असलियत बताई है। कनाडाई सासंद चंद्रा आर्या ने कहा है कि कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी गतिविधियों की चलते हिंदू समुदाय डरा हुआ है।

आर्या ने कहा कि कनाडा में हमने खालिस्तानी हिंसक उग्रवाद की गंभीर समस्या को पहचाना है। उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने अभी तक किसी भी राजनेता या सरकारी अधिकारी को हिंदू-कनाडाई लोगों को आश्वस्त करते हुए नहीं सुना है, जिनमें से कई हाल की घटनाओं के मद्देनजर अपनी सुरक्षा के लिए चिंतित और डरे हुए हैं।’

खालिस्तानियों को राजनीतिक संरक्षण

कनाडा की संसद के सदस्य चंद्रा आर्या ने द ग्लोब एंड मेल में प्रकाशित एक लेख का हवाला दिया, जिसमें कनाडाई राजनेताओं के ऐसी रैलियों में भाग लेने की गतिविधियों का जिक्र किया गया था, जिसमें आतंकवादियों का महिमामंडन किया जाता है और आतंकवादी हमलों की तारीफ की जाती है। कनाडाई अखबार ने लिखा था, ‘इस देश के और सभी देशों के राजनीतिक नेताओं को दूसरे देशों में अलगाववादी आंदोलनों को प्रोत्साहित नहीं करना चाहिए। खासतौर पर जो हिंसा का समर्थन करते हैं या उसमें शामिल होते हैं।’

खतरे को लेकर किया आगाह

चंद्रा आर्य ने कहा, ‘उग्रवाद और आतंकवाद राष्ट्रीय सीमाओं को नहीं पहचानते। कनाडा के खालिस्तानी हिंसक चरमपंथ पर हम उम्मीद करते हैं कि हमारी संघीय सरकार और उसकी एजेंसियां हमारे नागरिकों की सुरक्षा के लिए अन्य प्रभावित देशों के साथ सहयोग करेंगी।’ उन्होंने कनाडा में खालिस्तानी उग्रवाद के खतरों के खत्म करने के महत्व पर जोर दिया और इसे प्रभावी ढंग से संबोधित करने के प्रयासों को शुरू करने को कहा।

कनाडाई हिंदुओं से अपील

कनाडाई हिंदुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘हम इस देश के सबसे शिक्षित और सफल समुदायों में से एक हैं। जो कनाडा की प्रगति में बहुत योगदान दे रहे हैं। इस बावजूद, हमारे लो प्रोफाइल को अक्सर राजनेता हमारी कमजोरी समझ लेते हैं। मैं आपकी ओर से वकालत करने की कसम खाता हूं। लेकिन मेरे अकेले प्रयास काफी नहीं हैं। हमारी चिंताओं को दूर करने का एकमात्र तरीका यह है कि हिंदू कनाडाई अपनी आवाज उठाएं और सभी राजनेताओं को जवाबदेह ठहराएं। साथ मिलकर हमें सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारी सुरक्षा और हितों की रक्षा हो।’

kesarianews
Author: kesarianews

शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।