नई दिल्ली: लोकआस्था के महापर्व छठ की धूम बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को छठ पर्व के संध्या अर्घ्य की असीम शुभकामनाएं सभी को दी। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘छठ के संध्या अर्घ्य के पावन-पुनीत अवसर पर आप सभी को मेरी असीम शुभकामनाएं। सादगी, संयम, संकल्प और समर्पण का प्रतीक यह महापर्व हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए। जय छठी मइया!’ इससे पहले पीएम मोदी ने 5 नवंबर को नहाय-खाय के साथ जब छठ महापर्व की शुरुआत हुई थी तो भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी थीं।
पीएम मोदी ने छठ पर्व की दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने 5 नवंबर को किए गए ट्वीट में लिखा, ‘महापर्व छठ में आज नहाय-खाय के पवित्र अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी शुभकामनाएं। विशेष रूप से सभी व्रतियों को मेरा अभिनंदन। छठी मइया की कृपा से आप सबका अनुष्ठान सफलतापूर्वक संपन्न हो, यही कामना है।’ आज छठ महापर्व में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जा रहा।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने भी छठ पर्व की दी शुभकामनाएं
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी देशवासियों को छठ की शुभकामनाएं दी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से देशवासियों को छठ की शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, ‘श्रद्धा, समर्पण, आस्था, नव सृजन के महत्व पर बल देने वाले व शक्ति स्रोत सूर्य देव की अराधना के महापर्व छठ की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। अस्ताचल और उदीयमान सूरज को एक समान आदर और सम्मान देती हमारी महान भारतीय सभ्यता, ये दर्शाती है कि प्रकृति का आदर करना हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। प्रकृति पूजा को समर्पित यह पावन पर्व सभी के जीवन में अपार खुशियां, सुख, शांति व सौहार्द लेकर आए, हमारी यही कामना है।’
राहुल गांधी ने किया ये ट्वीट
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। आशा करता हूं यह त्यौहार आप सभी के जीवन में नवीन ऊर्जा और शक्ति का संचार करे।’
प्रियंका गांधी ने भी दी देशवासियों को शुभकामनाएं
वहीं, कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने दिवगंत शारदा सिन्हा के लोकगीत के माध्यम से लोगों को लोकपर्व छठ की शुभकामनाएं दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘दुखवा मिटाईं छठी मइया, रउवे असरा हमार, सबके पुरावेली मनसा, हमरो सुन लीं पुकार… सूर्यदेव की उपासना, प्रकृति पूजा और लोक आस्था के महापर्व ‘छठ पूजा’ की हार्दिक शुभकामनाएं। छठी मैया आप सबके जीवन में सुख, समृद्धि एवं शांति का संचार करें। जय छठी मैया।’
देशभर में छठ महापर्व की धूम
देशभर में लोक आस्था के प्रतीक चार दिवसीय छठ पूजा मनाया जा रहा है। छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे और चौथे दिन सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया जाता है। तीसरे दिन संध्या का अर्घ्य और चौथे दिन सुबह अर्घ्य दिया जाता है। आज छठ के तीसरे दिन तमाम बड़े नेताओं ने देशवासियों को छठ की शुभकामनाएं दी।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
