ढाका: बांग्लादेश की मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार में कानून सलाहकार आसिफ नजरूल ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन पर शेख हसीना के इस्तीफे को लेकर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कहा है कि उनके पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं है, जिससे पता चले कि 5 अगस्त को देश छोड़ने से पहले शेख हसीना ने पीएम पद से इस्तीफा दिया था। शहाबुद्दीन के इस दावे की बांग्लादेश में काफी चर्चा है और लोग कह रहे हैं कि शेख हसीना ने इस्तीफा दिया ही नहीं था। शहाबुद्दीन के बयान के बाद ये चर्चा भी हो रही है कि क्या संवैधानिक रूप से अभी तक शेख हसीना बांग्लादेश की पीएम हैं। इसी तरह की बात शेख हसीना के बेटे भी कह चुके हैं।
आसिफ ने राष्ट्रपति के बयान को कहा विरोधाभासी
कानून सलाहकार आसिफ नजरूल का कहना है कि राष्ट्रपति शहाबुद्दीन विरोधाभासी बात कर रहे हैं। नजरूल ने हसीना के बांग्लादेश छोड़ने कुछ घंटों बाद 5 अगस्त को राष्ट्र के नाम शहाबुद्दीन के संबोधन का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि शेख हसीना ने अपना त्याग पत्र मुझे सौंप दिया है और इसे स्वीकार कर लिया गया है। नजरूल ने कहा कि राष्ट्रपति अपने ही सार्वजनिक रूप से दिए गए बयान का खंडन कर रहे है तो इसे कदाचार कहा जाएगा। इससे राष्ट्रपति के रूप में पद पर बने रहने की उनकी क्षमता पर सवाल उठता है। सलाहकार परिषद बैठक में इस पर बात होगी कि क्या शहाबुद्दीन पद पर बने रहने के लिए फिट हैं।
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
