वॉशिंगटन: खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत को धमकी दी है। पन्नू ने कहा कि वह खालिस्तान जनमत के लिए अभियान जारी रखेगा और अपनी राह में आने वाली किसी भी धमकी से नहीं डरता है। कनाडा के सीटीवी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में खालिस्तान समर्थक आतंकी ने कहा कि उसे भरोसा है कि उसके और निज्जर के मामले के जुड़े होने के बारे में और सबूत सामने आएंगे। साक्षात्कार के दौरान पन्नू ने कनाडा में भारत के पूर्व उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा के खिलाफ भी जहर उगला।
पन्नू बोला- मैं डरूंगा नहीं
सीटीवी न्यूज से पन्नू ने कहा, ‘मैं किसी भी धमकी से नहीं डरने वाला हूं और मैं वैश्विक खालिस्तान जनमत संग्रह के लिए अभियान चलाना बंद नहीं करने वाला हूं।’ साक्षात्कार के दौरान खालिस्तान समर्थक पन्नू ने भारतीय राजनयिक संजय वर्मा के बारे में जहर उगलते हुए कहा, वे ‘राजनयिक कम और पाखंडी अधिक है।’ उसने बेबुनियाद आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय उच्चायुक्त संजय वर्मा के तहत तैयार किए गए जासूसी नेटवर्क को खत्म करने की जरूरत है।
‘भारतीय कांसुलेट जासूसी केंद्र’
पन्नू ने वैंकूवर और टोरंटो में मौजूद भारतीय वाणिज्य दूतावासों को जासूसी नेटवर्क का केंद्र बताया और कहा, ‘जब तक ये दोनों वाणिज्य दूतावास स्थायी रूप से बंद नहीं हो जाते, तब तक वे कनाडा की संप्रभुता की हत्या और उसे चुनौती देते रहेंगे।’ इसके पहले 20 अक्टूबर को पूर्व उच्चायुक्त संजय कमार वर्मा ने भी सीटीवी को इंटरव्यू दिया था। वर्मा ने कहा था कि ‘जस्टिन ट्रूडो सरकार हर समय खालिस्तानी चरमपंथियों को प्रोत्साहित करती है।’
Author: kesarianews
शैलेन्द्र मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडर – केसरिया न्यूज़। राजनीति, प्रशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक, निर्भीक और ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।

